खंडवा- जिले में अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी बोरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे दो बैलों को मुक्त कर सुरक्षित गौशाला भेजा तथा परिवहन में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध गौवंश परिवहन, पशु क्रूरता एवं संबंधित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारनेकर, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल सिंह चौहान तथा थाना प्रभारी पंधाना निरीक्षक दिलीप देवड़ा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बोरगांव उप निरीक्षक अविनाश भोपले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलता प्राप्त की।
मुखबिर सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
दिनांक 31 मार्च 2026 को चौकी प्रभारी बोरगांव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि छैगांवमाखन की ओर से एक नीले रंग के चार पहिया वाहन में अवैध रूप से गौवंश को महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहायक उप निरीक्षक वीरेन बिसेन को पुलिस बल के साथ कार्रवाई हेतु रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन क्रमांक MP 12 LA 0879 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में दो बैलों को अत्यंत क्रूरता पूर्वक भरा हुआ पाया गया। वाहन चालक से गौवंश परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गौवंश को कराया मुक्त, वाहन जब्त
पुलिस ने दोनों बैलों को विधिवत जब्त कर सुरक्षित रूप से गौशाला में भिजवाया तथा अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी के विरुद्ध निम्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया —
- गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9।
- पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11।
- मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 146, 196।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल कुशवाह
पिता — राजू कुशवाह
उम्र — 24 वर्ष
निवासी — छैगांवमाखन, जिला खंडवा।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही —
- उप निरीक्षक अविनाश भोपले, चौकी प्रभारी बोरगांव।
- सहायक उप निरीक्षक वीरेन बिसेन।
- आरक्षक 772 राहुल राजपूत।
- आरक्षक 201 संतोष मगरे।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती जारी
खंडवा पुलिस द्वारा अवैध गौवंश परिवहन एवं पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गौवंश परिवहन करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है तथा पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का सकारात्मक संदेश आमजन तक पहुंचा है।