सोमवार, 30 जून 2025

प्रमुख अभियंता की तथ्यात्मक रिपोर्ट में शिकायत पाई गई निराधार, मंत्री श्रीमती उइके पर लगाए गए आरोप मनगढ़ंत और तथ्यहीन

भोपाल : प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी संजय कुमार अंधवान ने जल जीवन मिशन के संबंध में प्राप्त शिकायत का परीक्षण कर बताया कि शिकायतकर्ता किशोर समरीते द्वारा लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण हैं। शिकायत में कोई भी साक्ष्य संलग्न नहीं किए गए थे, बल्कि सूचना के अधिकार के तहत विभागीय अधिकारी द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्र को ही आधार बनाया गया।
प्रमुख अभियंता ने स्पष्ट किया कि बालाघाट खंड के कार्यपालन यंत्री द्वारा स्वयं शिकायतकर्ता को यह जानकारी दी गई थी कि जल जीवन मिशन अंतर्गत किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। इसके बावजूद उन्हीं जानकारियों को तोड़-मरोड़कर सार्वजनिक शिकायत के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसमें कोई नया तथ्य या प्रमाण नहीं है। 
प्रमुख अभियंता कार्यालय ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन की योजनाओं का क्रियान्वयन फील्ड स्तर पर किया जाता है तथा भुगतान भी स्थानीय खंड कार्यालय द्वारा माप पुस्तिका के सत्यापन के उपरांत होता है। ऐसे में प्रमुख अभियंता या उनके कार्यालय के कर्मचारी पर आरोप लगाना निरर्थक है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके पर भी जो आरोप लगाए गए हैं वे पूर्णतः असंगत हैं। मुख्य अभियंता (मैकेनिकल संकाय) द्वारा कोई निविदा जारी नहीं की जाती, अतः उन पर लगाए गए किसी भी प्रकार के आरोप तथ्यों से परे हैं।
प्रमुख अभियंता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि जल जीवन मिशन अंतर्गत अब तक मध्यप्रदेश के 70 प्रतिशत से अधिक परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया जा चुका है और शेष कार्य प्रगति पर हैं। योजनाओं की पूर्णता के उपरांत ही भारत सरकार को उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजे जाते हैं, जिसकी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियंत्रित है।
सभी तथ्यों के परीक्षण और विभागीय प्रक्रियाओं के अवलोकन के बाद यह स्पष्ट रूप से प्रमाणित हुआ है कि शिकायत मनगढ़ंत, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण मंशा से प्रेरित है।

मेडिकल कॉलेज में योग्य एवं अनुभवी संकाय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार संकल्पित: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, 59 चिकित्सा शिक्षकों की चयन सूची ज़ारी

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में समन्वित रूप से संसाधनों और मानवबल को सशक्त किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा समय पर और सुलभ रूप से प्राप्त हो सके। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक शासकीय मेडिकल कॉलेज में योग्य एवं अनुभवी संकाय की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चयनित 59 चिकित्सा शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे सेवा, संवेदना और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियाँ चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देंगी।
    उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अप्रैल 2025 में प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक एवं सहायक प्राध्यापक के शैक्षणिक पदों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। इनमें प्राध्यापक के 90, सह-प्राध्यापक के 179 एवं सहायक प्राध्यापक के 201 इस प्रकार कुल 470 शैक्षणिक पद शामिल हैं। उक्त प्रक्रिया के अंतर्गत प्रथम चरण में जून माह में कुल 59 चिकित्सा शिक्षकों की चयन सूची जारी की गई है। इनमें 11 प्राध्यापक, 08 सह-प्राध्यापक एवं 40 सहायक प्राध्यापक सम्मिलित हैं।

पीएम-अभीम, 15वें वित्त आयोग के कार्यों को समय सीमा में करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, मेडिकल कॉलेजों, जिला चिकित्सालयों और टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की वृहद समीक्षा की

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों की नियमित और समयबद्ध मॉनिटरिंग की जाये और उपलब्ध बजट का पूर्णतः पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं होने दे रही है, आवश्यकता इस बात की है कि मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समयसीमा में हो। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में विभागीय अधोसंरचना विकास कार्यों की वृहद समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-अभीम) एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की एजेंसीवार गहन समीक्षा की। 
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सिंगरौली एवं बुधनी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कार्य में प्रशासनिक अथवा तकनीकी अड़चनें हैं, तो उन्हें शीघ्र निराकृत किया जाए। उन्होंने मैहर एवं मऊगंज जिला चिकित्सालयों की विस्तार योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली और कहा कि जनहित की इन योजनाओं में समय पर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण हो।
टीबी मुक्त भारत अभियान में भागीदारी का किया आह्वान
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विधायकों, सांसदों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, औद्योगिक समूहों, स्वयंसेवी संगठनों एवं समाजसेवियों से "निक्षय मित्र" के रूप में जुड़ने की अपील की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि टीबी से ग्रसित मरीजों के उपचार एवं पोषण में सहयोग देने के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनकर समाज का हर व्यक्ति समाज के प्रति संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का निर्वहन कर सकता है। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा का माध्यम है।
हर माह की 9 और 25 तारीख को चिन्हित महिलाओं की जांच की विशेष व्यवस्था की जाए
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर माह की 9 और 25 तारीख को चिन्हित महिलाओं की जांच की विशेष व्यवस्था की जाए ताकि कोई भी गर्भवती महिला उचित सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक स्तर पर सघन निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि जिला कलेक्टरों एवं सीएमएचओ को भी इसमें प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी करनी चाहिए।
आशा सुपरवाइजर को प्रोत्साहन शीघ्र करायें उपलब्ध
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बैठक में यह भी स्पष्ट किया कि मंत्रिपरिषद के निर्णयानुसार आशा सुपरवाइजरों को शीघ्र प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं के अंतिम छोर तक पहुंच में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, ऐसे में उनकी प्रेरणा और प्रोत्साहन अनिवार्य है। संचालक प्रोजेक्ट श्री नीरज सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध संचालक डॉ. सलोनी सिडाना उपस्थित थे।

नर्सिंग संवर्ग के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

मेडिकल कॉलेज में व्यवहारिक आवश्यकतानुसार कुशल मैनपॉवर की व्यवस्था के लिए तैयार करें प्रस्ताव,
मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा सेवाओं की वृहद समीक्षा की
भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि नर्सिंग संवर्ग के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन कर कर्मचारी चयन मण्डल को त्वरित रूप से मांग पत्र प्रेषित किए जाएं। साथ ही फार्मासिस्ट ग्रेड-2, नेत्र सहायक तथा ओ.टी. टेक्नीशियन के पदों की पूर्ति हेतु भी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेजों में आउटसोर्स पद्धति से नियुक्ति संबंधी वर्तमान व्यवस्था में केवल अकुशल पदों की स्वीकृति है, जबकि विभागीय समिति द्वारा कुशल पदों की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है। इस विषय में व्यावहारिक आवश्यकताओं के दृष्टिगत प्रस्ताव तैयार कर केबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिससे उच्च स्तरीय सेवाओं का विधिवत एवं गुणवत्तापूर्ण प्रदाय सुनिश्चित हो सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में विभागीय योजनाओं, भर्ती प्रक्रिया, अधोसंरचना विकास, मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता की वृहद समीक्षा कर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

*बंधपत्रधारी चिकित्सकों की बेहतर उपयोगिता के लिए ओरिएंटेशन के निर्देश*

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग की स्थापना हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे हृदय रोगों विशेषकर बायपास सर्जरी की सुविधा ग्वालियर संभाग में सुलभ हो सके। इसी प्रकार इंदौर मेडिकल कॉलेज में नवजात एवं बाल चिकित्सा (पीडियाट्रिक्स/नियोनेटोलॉजी) विभाग की स्थापना की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व की निवेश नीति के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए कहा। बंधपत्रधारी चिकित्सकों की जिला स्तर पर कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की उपस्थिति में अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को सेवा की महत्ता, दायित्व एवं प्रभावी संचालन के लिए प्रेरित करना और ज़िम्मेदारियों से अवगत होना आवश्यक है ताकि उनकी उपयोगिता को बेहतर बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सके।

*फार्मेसी काउंसिल में पंजीयन एवं नियामक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने के दिए निर्देश*

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने एचआरपी (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) केंद्रों पर धात्री महिलाओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही कक्ष में उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिससे उनकी देखभाल सहज, सुरक्षित और समेकित रूप में संभव हो सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने फार्मेसी काउंसिल में पंजीयन एवं नियामक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए नियमों में आवश्यक परिवर्तन की कार्यवाही की समीक्षा की और शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 600 आयुष मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पतालों में फोरेंसिक विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि कानूनी प्रकरणों एवं पोस्टमार्टम संबंधी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

*मेडिकल कॉलेजों में ऑन्को सर्जरी विभाग की स्थापना के निर्देश*

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आउटसोर्स मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब की स्थापना के लिए दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना (पीएम-अभीम) अंतर्गत स्वीकृत राशि का उपयोग वर्ष 2026 तक पूर्ण रूप से सुनिश्चित किए जाने के लिए समयबद्ध योजना तैयार कर आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में ऑन्को सर्जरी विभाग की स्थापना के लिए कार्य योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे प्रदेश के हर क्षेत्र में कैंसर रोगियों को उत्कृष्ट उपचार सुविधा मिल सके। बैठक में प्रमुख सचिव श्री संदीप यादव एवं आयुक्त श्री तरुण राठी उपस्थित रहे।

महांकाल लोक की तरह विकसित होगा ओंकारेश्वर का एकात्म धाम, 563.72 करोड़ लागत की जावर माईक्रो उद्वहन सिंचाई योजना का हुआ लोकार्पण


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1568 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारम्भ

खण्डवा- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश और मार्गदर्शन में प्रदेश में गुड़ी पडवा से आरंभ जल गंगा संवर्धन अभियान का खण्डवा में आयोजित समापन समारोह एवं वॉटरशेड सम्मेलन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 1568 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 578 करोड़ की लागत से 57,207 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वॉटरशेड विकास घटक के अंतर्गत प्रदेशभर के 888 जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण और खंडवा जिले की जावर माइक्रो सिंचाई परियोजना एवं तीन अन्य सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश में जीर्णाेद्धार की गई 74 जल संरचनाओं का लोकार्पण भी हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने किया।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खण्डवा जिले को दी सौगातें
खण्डवा के मण्डी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम नहाल्दा से भण्डारिया से कृषि महाविद्यालय के बीज केन्द्र तक 18.24 करोड़ रूपये लागत से निर्मित होने वाली 4.80 कि.मी. लम्बी रिंग रोड़ निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा उन्होने ग्राम टिठियाजोशी से सिरपुर मार्ग व्हाया लोहारी-बड़गागुर्जर मार्ग पर 96 करोड़ रूपये लागत से निर्मित होने वाले 12 कि.मी. लम्बे बायपास मार्ग निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 153.12 करोड रूपये लागत से निर्मित होने वाले 7 मीटर चौड़े व 32 कि.मी. लम्बे खण्डवा मून्दी मार्ग निर्माण की भी घोषणा की।


इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खण्डवा में आयोजित कार्यक्रम में 1568 करोड़ रुपये से अधिक के जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होने जल संसाधन विभाग की 4 सिंचाई परियोजनाओं क्रमशः भाम राजगढ़ मध्यम सिंचाई परियोजना, बिहार सारोला बैराज, लाजैरा बैराज, हापला दीपला बैराज लघु सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं की लागत करीब 312.77 करोड़ रुपये है, जिससे 8557 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। इससे 21 ग्रामों के 7260 किसान लाभांवित होंगे। नर्मदा घाटी विकास विभाग की जावर माईक्रो उद्वहन सिंचाई योजना प्रशासकीय स्वीकृति रुपए 563.72 करोड़ का लोकार्पण भी किया गया। योजना से खण्डवा जिले के 52 ग्रामों के 21,666 किसानों की करीब 26 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में अमृत 2.0 योजना अंतर्गत 50 करोड़ की लागत से जीर्णाेद्धार की गई 74 जल संग्रहण संरचनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 578.08 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए 57 हजार 207 जल संरक्षण कार्य, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वॉटरशेड विकास के अंतर्गत 63.46 करोड़ रुपये की लागत से 888 जल संरक्षण के कार्य, वॉटरशेड परियोजनाओं के कार्यों के प्रबंधन और अनुश्रवण के लिए वॉटरशेड वर्क मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पानी की बूंद-बूंद बचाने के लिए राज्य सरकार ने प्रदेश स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया। इसके अंतर्गत गुड़ी पड़वा 30 मार्च से 30 जून तक सभी जिलों में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए नवाचार किए गए। अभियान में मनरेगा योजना के अंतर्गत खेत तालाब, अमृत सरोवर और कूप रिचार्ज पिट का निर्माण एवं जल संरचाओं का जीर्णाेद्धार किया गया। जल स्त्रोतों के संरक्षण में 2 लाख 39 हजार जलदूतों का सहयोग मिला, वे जल संवर्धन के संवाहक बने हैं। कुल 38 हजार नए खेत तालाब बनाए गए हैं। अकेले खंडवा जिले में 254 करोड़ की लागत से 1 लाख से अधिक कुंए रिचार्ज किए गए। इसके लिए खंडवा को देश में प्रथम स्थान मिला है। आज इंदौर संभाग स्वच्छता और जल संरक्षण में नंबर-एक है। प्रदेशभर में 70 हजार कुंओं, बाबड़ियों, नदियों और तालाबों का संरक्षण किया गया है।    
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 57 से ज्यादा नदियों में मिलने वाले 140 बड़े नालों को चिह्नित किया गया है। प्रदेश के 36 जिलों में 91 वाटर-शेड परियोजनाएं विकसित हो चुकी हैं। खेतों की सिंचाई के लिए 9 हजार जल रचनाएं तैयार की गई हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। बुंदेलखंड को केन-बेतवा लिंक नदी जोड़ो परियोजना, मालवा-चंबल क्षेत्र को पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) और निमाड़ को तापी मेगा रिचार्ज परियोजना का लाभ मिलेगा। आगामी वर्षों में प्रदेश का सिंचाई क्षेत्र 55 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करेंगे।  

‘‘एक बगिया मां के नाम’’ से संचालित होता रहेगा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज से जल गंगा संरक्षण अभियान नए रूप में शुरू होगा। प्रदेशभर में एक पेड़ मां के नाम का शुभारंभ हुआ है। उद्यानिकी विभाग के सहयोग से 30 जून से 15 अगस्त तक शासकीय भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त से 15 सितंबर तक निजी भूमि पर पौधारोपण कार्य होगा। प्रदेशवासियों को हरियाली विकसित करने और बागवानी के लिए प्रोस्ताहित करने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने नई योजना तैयार की है, जिसके अंतर्गत प्रदेश की 30 हजार महिलाओं को एक एकड़ जमीन पर फलदार पेड़ लगाकर बगिया विकसित करने के लिए 3 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि पौधारोपण, फेंसिंग, सिंचाई सुविधा सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए हर वर्ष 3 चरण में दी जाएगी। इस प्रकार आगामी 3 वर्ष में प्रदेश की 30 हजार एकड़ जमीन पर एक बगिया मां के नाम तैयार होंगी। इन बगियों से जिनसे फल उत्पादन में वृद्धि होगी और हरियाली भी बढ़ेगी। इस अभियान में राज्य सरकार पर कुल 900 करोड़ रुपए भार आएगा।


ओंकारेश्वर के एकात्म धाम को महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 से पहले ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम को उज्जैन के बाबा महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। ओंकारेश्वर तक ट्रेन कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए ट्रैक का विस्तार किया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा की भी शुरुआत होगी। प्रदेश को 18 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से इन्दौर -मनवाड रेल लाइन की सौगात मिली है।
4 जुलाई को मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाएंगे लैपटॉप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहन योजना की पात्र हितग्राहियों को रक्षाबंधन से पहले अतिरिक्त 250 रुपए शगुन के रूप में मिलेंगे। दीपावली के बाद भाई-दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। राज्य सरकार संकल्प पूरा करते हुए आगामी चुनाव तक 3000 रुपए बहनों के खातों में भेजेगी। वहीं, 4 जुलाई को मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी की राशि वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं। प्रदेश के शासकीय अधिकारिओं-कर्मचारी की 9 साल से अटकी पदोन्नति की प्रक्रिया को प्रारंभ करने की मंजूरी दी गई है। लगभग 2 लाख नए शासकीय पदों पर भर्ती की संभावना बनेगी।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रदेश के जनजाति कार्यविभाग के मंत्री श्री विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होने कहा कि खण्डवा जिला प्रशासन ने जल गंगा संवर्धन अभियान और जल शक्ति अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त कर सराहनीय कार्य किया है।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में जल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए है। उन्होने कहा कि खण्डवा जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान और जल शक्ति अभियान में नम्बर वन रहकर मिसाल कायम की है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जल है तो जीवन है इसलिये पानी बचाने का प्रयास हम सभी को मिलकर करना चाहिए। उन्होने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का नदी जोड़ो परियोजना का सपना देश और प्रदेश में साकार हो रहा है।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस अवसर पर जल संरक्षण के क्षेत्र में खण्डवा जिला नम्बर वन बनने पर जिले के नागरिकों को बधाई दी। उन्होने कहा कि वर्षा के पानी की एक-एक बूंद बचाना है। हम सभी को मिलकर यह प्रयास करना चाहिए कि वर्षा के जल की एक भी बूंद व्यर्थ बेकार न जाए। उन्होने खण्डवा जिला प्रशासन और नगर निगम के द्वारा शक्कर तालाब क्षेत्र से अतिक्रक्रण हटाकर जल संग्रहण के क्षेत्र में किये गये उल्लेखनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होने कहा कि पिछले लगभग 30 वर्षों के इंतजार के बाद आज मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जिला प्रशासन के प्रयासों से दादा धूनी वाले मंदिर आश्रम के नये भवन के शिलान्यास व भूमि पूजन का शुभ अवसर आया है। इसके लिये उन्होने सभी नागरिकों को बधाई दी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया, और प्रधानमंत्री जी की ओर से खण्डवा जिला देश में नम्बर वन रहने पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होने कहा कि जल ग्रहण समितियों और ग्राम पंचायतों द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में गांव-गांव में कार्य कराये गये है, जिनसे वर्षा का पानी व्यर्थ बहकर नहीं जाएगा बल्कि इससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। उन्होने कहा कि प्रदेश में पानी बचाने की दिशा में अच्छा कार्य किया गया है। अब हम सबको मिलकर ‘‘एक पेड़ माँँ के नाम अभियान’’ के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाना है और उनकी रक्षा का संकल्प भी लेना है, जिससे कि ये पौधे आगे चलकर वृक्ष बन सकें।
क्षेत्रीय सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण और पौधरोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये गये हैं। उन्होने कहा कि  यह जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का ही परिणाम है कि निमाड़ क्षेत्र में अब पहले की तरह भीषण गर्मी नहीं पड़ती है। जल संरक्षण के क्षेत्र में खण्डवा जिला नम्बर वन रहने पर उन्होने जिले के नागरिकों और जिला प्रशासन को बधाई दी।
संत दादा गुरू ने अपने संबोधन में दादा जी धूनीवाले के नए मंदिर निर्माण के शुभ अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी। उन्होने कहा कि जल दूतों के प्रयास से खण्डवा जिले और प्रदेश में जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए है। उन्होने कहा कि नदियों को भारतीय संस्कृति में माँँ के समान माना गया है। उन्होने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अनुरोध किया कि क्षेत्र के नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उज्जैन के महांकाल लोक की तरह खण्डवा में ‘‘दादा जी महालोक’’ का निर्माण कराया जाए।


कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
जल गंगा संवर्धन अभियान के राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम व वाटर शेड सम्मेलन में प्रदेश संस्कृति, पर्यटन, धामिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी भी मौजूद थे। इसके अलावा कार्यक्रम में विधायक खण्डवा श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, विधायक मान्धाता श्री नारायण पटेल, विधायक पंधाना श्रीमती छाया मोरे, विधायक बुरहानपुर श्रीमती अर्चना चिटनीस, महापौर खण्डवा श्रीमती अमृता अमर यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत खण्डवा श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष बुरहानपुर श्री गंगाराम मार्काे, उपाध्यक्ष जिला पंचायत खण्डवा श्री दिव्यादित्य शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष खण्डवा श्री राजपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
जल संग्रहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिये जनप्रतिनिधि हुए सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संग्रहण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इसके तहत 10 लाख से अधिक आबादी वाले निकायों में नगर निगम भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, महापौर इन्दौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, महापौर जबलपुर श्री जगत बहादुर सिंह को सम्मानित किया गया जबकि 1 से 10 लाख की आबादी वाले निकायों में महापौर उज्जैन श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, महापौर छिंदवाड़ा श्री विक्रम सिंह अहाके, नगर पालिका भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा अमित वाल्मिकी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 1 लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में टिकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्री अब्दुल गफ्फार मलिक, नगर परिषद मण्डलेश्वर के अध्यक्ष श्री विश्वदीप मोयदे तथा नगर परिषद बिजूरी की अध्यक्ष श्रीमती शाहबीन पनिका को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में टीकमगढ़ कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय को भी मंत्री डॉ. यादव ने सम्मानित किया।


जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश में हुए उल्लेखनीय कार्य
प्रदेश में वर्षा जल के संचयन के लिए 90 दिन में 84 हजार 930 खेत-तालाब बनाए गए हैं। प्रदेश में 77 हजार 940 खेत तालाब बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया। इसमें लक्ष्य से करीब 7 हजार अधिक खेत तालाब बनाए जा रहे हैं। इसमें से कई खेत-तालाबों का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया है। इसी तरह से प्रदेश के सभी जिलों में 1 हजार 283 अमृत सरोवर भी बनाए जा रहे हैं, जिनका निर्माण कार्य भी जारी है। प्रदेश में तीन माह तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 20 हजार 955 पुराने कार्य पूरे किए गए।

रविवार, 29 जून 2025

चंडीगढ़ के सपने आज भी अधूरे: कभी थी चहल-पहल और गजब की रौनक, अब पुनर्वास स्थलों पर हो रही विस्थापितों की फजीहत, विकास की राह देख पथराई आंखें, ना उद्योग ना रोजगार, पलायन को लोग हो रहे मजबूर


खंडवा/हरसूद: इंदिरा सागर बांध परियोजना के तहत सबसे बड़े आबादी वाले कस्बे पुराने हरसूद के विस्थापन और पुनर्वास को आज 21 साल बीत चुके हैं। बीते दो दशक स्थल पर विस्थापित परिवारों के जीवन में कुछ खास परिवर्तन नहीं आया है। 21 साल से परियोजना के तहत डूब प्रभावित विस्थापितों की विकास की राह देखते-देखते आंखें पथरा गई है। बीते दो दशक में पुनर्वास स्थल पर ना उद्योग लग सके हैं, ना रोजगार मिला है... अधिकतर विस्थापित परिवार के पालन-पोषण के लिए अपने आशियानों में 'घर बेचना है' का बोर्ड लगाकर दूसरे शहरों में पलायन यह कर चुके हैं। बता दें कि 30 जून, 2004 को इंदिरा सागर बांध परियोजना के तहत सबसे बड़े आबादी वाले पुराने हरसूद सहित आसपास के 254 से अधिक गांव के बाशिंदों को विस्थापित किया गया था। इंदिरा सागर बांध परियोजना से डूब प्रभावित सबसे बड़े आबादी वाले पुराने हरसूद के बाशिंदों को पुनर्वास स्थल नया हरसूद में चंडीगढ़ जैसी बसाहट, सुविधा उपलब्ध कराने के अलावा बच्चों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लघु उद्योग और बड़े-बड़े उद्योग स्थापित कर जीवन स्वर्ग के सपने दिखाए गए थे। इन 21 वर्षों में पुनर्वास स्थल नया हरसूद सहित विस्थापितों के सपने आज भी अधूरे हैं।

मालिकाना हक पाने के लिए संघर्ष जारी - पुनर्वास स्थल नया हरसूद में विस्थापन के समय 20 हजार रुपए की राशि देने के बावजूद आवंटित भूखंड के मालिकाना हक के लिए पीड़ित लोगों को सबसे ज्यादा संघर्ष करना पड़ा है। पुनर्वास नया हरसूद की भूमि को भू-अभिलेख में भूमि दर्ज होने में 21 साल का समय लगा है। इसके अलावा विस्थापितों की अपने भूखंडों की स्टाम्प ड्यूटी के नकदीकरण की मांग की जाती रही है। शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते पुनर्वास स्थल के भूखंडों का नामांतरण नहीं होने से पुनर्वास के विस्थापितों को अपने भूखंडों पर मालिकाना हक पाने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रही है। विस्थापितों द्वारा भूखंडों पर मालिकाना हक पाने के लिए कई बार ज्ञापन, निवेदन का परिणाम शून्य रहा है।

घरों में ताला लगाकर रोजगार के लिए दूसरे शहर गए लोग- प्रभावितों का सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार का अभाव अब भी बरकरार है। पुनर्वास स्थल नया हरसूद में रोजगार के अभाव में विस्थापितों का पलायन उनकी मजबूरी बन गई है। इन 21 वर्षों में अपने हाथों बनाए आशियानों पर 'मकान व दुकान बेचना है' का बोर्ड लगाकर कई विस्थापित अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए इंदौर, देवास, बुदनी, मंडीदीप, भोपाल सहित अन्य शहरों में कूच कर गए है।

औद्योगिक क्षेत्र के लिए घोषित जमीन पड़ी है बंजर - इंदिरा सागर बांध परियोजना से प्रभावित इस शहर को औद्योगिक क्षेत्र बनाने का वादा सरकार ने किया था। इसकी उम्मीद साल-दर-साल खत्म होती जा रही है। आरटीआई हो या न्यायालय... हर स्तर पर एनएचडीसी और एनवीडीए द्वारा हरसूद-छनेरा में औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि आरक्षित होना बताया जा रहा है। जमीन है भी, लेकिन उससे ज्यादा अचरज की बात यह है कि जिला उद्योग विभाग के रिकॉर्ड नहीं है। ऐसे में 21 सालों तक औद्योगिक विकास की उम्मीद बेमानी साबित होना स्वाभाविक है। यह बात भी साफ है कि खंडवा-नर्मदापुरम राज्यमार्ग-15 (बायपास) पर उद्योगों के लिए 21.61 हैक्टेयर भूमि उपलब्ध है।

पर्यटन के रूप में नहीं हो सका विकसित - इंदिरा सागर के बैंकवाटर के किनारे बसे हरसूद ब्लॉक के कसरावद, नवलपुरा और इमलानी टापू को पर्यटन के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी मूर्तरूप नहीं ले पाई है। यहां पर्यटन और एरिगेशन में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इन टापुओं को हनुवंतिया टापू की परिकल्पना के साथ ही इन्हें विकसित किया जा सकता था, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ते। अक्षय गौतम, विस्थापित नया हरसूद।

रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं - इंदिरा सागर के जलाशय से 4 से 5 हजार मैट्रिक टन सलाना मछलियों का उत्पादन किया जा रहा है। प्रदेश व केन्द्र सरकार द्वारा यहां ट्रांसपोटिंग का उद्योग संचालित कर यहां के विस्थापितों को रोजगार दिया जा सकता था। पुनर्वास स्थल के विस्थापितों को रोजगार की महती आवश्यकता है। रमजान पठान समाजसेवी।

विस्थापितों को उनका हक मिले -इंदिरा सागर बांध परियोजना में विस्थापन के समय 2004 को सरकार द्वारा बड़े-बड़े उद्योग स्थापित कर नया हरसूद को विकसित शहरों में शामिल किए जाने के सपने दिखाए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर सच्चाई कुछ और ही है। हमारी मांगे हैं कि विस्थापितों को उनका हक मिले। अनिल माहेश्वरी, विस्थापित नया हरसूद।

संपर्क नहीं हो सका- पुनर्वास स्थल पर व्याप्त समस्याओं के संबंध में जनजाति कार्य मंत्री विजय शाह से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

पुनर्वास स्थल के भूखंडों पर मालिकाना हक संबंधित जो मामला है, वो टेकनीकल परेशानी के चलते देरी से हो रहा है। औद्योगिक क्षेत्र के लिए घोषित जमीन के संबंध में शीघ्र ही निराकरण करने का प्रयास करेंगे। पुरुषोत्तम कुमार, एसडीएम, हरसूद।

आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जाएंगे- पुनर्वास सहित क्षेत्र में विकास को लेकर मंत्री शाह ने हर स्तर पर प्रयास किए है। विधानसभा में बच्चों को शिक्षित करने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कॉलेज, बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए सिविल अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराई है। बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। कमल खंडेलवाल, विधायक प्रतिनिधि 

साभार: सत्येन्द्र ठाकुर, हरसूद/छनेरा।

“किसी भी विषय में कर सकते हैं पीजी, विश्वविद्यालय द्वारा होगा साक्षात्कार”

खंडवा- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार विद्यार्थी स्नातक में लिए गए मेजर या माइनर विषय में ही स्नातकोत्तर कर सकता था। विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन ने इसमें संशोधन करते हुए मेजर माइनर के अतिरिक्त अन्य विषय से भी स्नातकोत्तर करने की सुविधा प्रदान की है । इच्छुक विद्यार्थी 30 जून तक उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। 
संशोधित नियमों के तहत स्नातकोत्तर में विषय बदलने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष पात्रता निर्धारण प्रक्रिया शुरू की गई है। इस प्रक्रिया में विद्यार्थी द्वारा चयनित विषय को लेकर स्नातकोत्तर करने से पहले विषय विशेषज्ञों द्वारा संबंधित विद्यार्थी का साक्षात्कार लिया जाएगा। इस साक्षात्कार में सफल होने के बाद संबंधित विषय विशेषज्ञों की पैनल द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा । प्रमाण-पत्र जारी करने के बाद विद्यार्थी अपने मनपसंद विषय में स्नातकोत्तर कर सकता है । यह प्रक्रिया उन छात्रों के लिए है , जो स्नातक के मेजर या माइनर विषय से अलग किसी अन्य विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा के प्राचार्य डॉ सोमपाल सिंह ने बताया कि आदिवासी बाहुल्य एवं पिछड़े क्षेत्र में यह कदम विद्यार्थियों को विषयगत लचीलापन देने की दिशा में उठाया गया है , जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया केवल उन छात्रों के लिए है जो विषय परिवर्तन कर स्नातकोत्तर में प्रवेश लेना चाहते हैं । मेजर/माइनर विषय में ही आगे बढ़ने वाले छात्रों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन के प्रवेश विभाग या संचालनालय उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश से संपर्क किया जा सकता है।
उक्त सुविधा हेतु विश्व विद्यालयों द्वारा समय सारणी घोषित की गई है, जो इस प्रकार है-
1 जुलाई को विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार लॉगिन पोर्टल पर ऐसे विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी । 2 व 3 जुलाई को प्रत्येक विश्वविद्यालय विषयवार साक्षात्कार की तिथियों का निर्धारण करेगा । 4 जुलाई को संचालनालय द्वारा छात्रों को साक्षात्कार की सूचना भेजी जाएगी । 10 व 11 जुलाई को विश्वविद्यालयों में संबंधित विषयों के लिए पात्रता निर्धारण के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे । इन्हीं दो दिनों में, पात्र पाए गए छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा पात्रता प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे । 11 जुलाई को विश्वविद्यालय अपने परीक्षा परिणाम ई-प्रवेश पोर्टल पर अपलोड करेगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन चेक बॉक्स प्रणाली के माध्यम से पूरी की जाएगी । 12 जुलाई को संचालनालय द्वारा ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से सीट आवंटन की प्रक्रिया होगी।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस खंडवा के प्राचार्य डॉ सोमपाल सिंह ने बताया कि यह विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसका लाभ उन्हें उठाना चाहिए और अपने मनपसंद विषय में स्नातकोत्तर कर अपने करियर की दिशा को संवारना चाहिए।

समय-सीमा में पूर्ण करें पदपूर्ति की कार्रवाई: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, 8 हज़ार 500 से अधिक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि मध्यप्रदेश को स्वस्थ, समृद्ध और सक्षम राज्य बनाने की दिशा में हम निरंतर अग्रसर हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए संस्थागत संसाधनों के साथ-साथ मानवीय संसाधनों की उपयुक्त उपलब्धता भी अत्यंत आवश्यक है। राज्य की प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में सुचारु सेवा प्रदाय सुनिश्चित करने हेतु आईपीएचएस मानक अनुसार चिकित्सकीय और सहायक चिकित्सकीय स्टाफ की भर्ती, इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने समयसीमा में पदपूर्ति की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
     प्रदेश के समस्त जिला, सिविल, सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में 168 कंप्यूटर ऑपरेटर/डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं 8493 मल्टी स्कील्ड ग्रुप डी वर्कर (आउटसोर्स) की भर्ती की जा रही है। यह नियुक्ति पंजीकृत आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से, भंडार क्रय नियम एवं वित्तीय निर्देशों का पालन करते हुए की जाएगी। सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों व सिविल सर्जनों को समयसीमा में पदपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हरसूद की 21वीं बरसी विशेष, विस्थापित महिलाओं का देश के प्रधानमंत्री को मार्मिक पत्र

खंडवा/हरसूद- इंदिरा सागर बांध परियोजना मैं डूब गए हरसूद की 21वीं बरसी के अवसर पर हरसूद की विस्थापित महिलाओं ने नए हरसूद की विभिन्न मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को मार्मिक पत्र लिखकर अवगत कराया। हरसूद से विस्थापित महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में उल्लेख किया कि डूब कर बहुत कुछ खो चुकी लाड़ली बहनों की मार्मिक अपील----प्रधानमंत्री जी आपके सुशासन में जहां देश के विकास को पंख लग रहे हैं। भारत दुनिया में नाम कर रहा है वही भारत के हृदय स्थल में स्थित मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद शहर सहित 254 गांव जो इंदिरा सागर बांध में जलमग्न हो कर बर्बाद हो गए। यहां के लोगों ने राष्ट्र हित की महती परियोजना में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। हमें बलिदानी की संज्ञा तो मिली परंतु हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है।आज हम हरसूद की विस्थापित महिलाए हरसूद डूब की इक्कीसबी बरसी के अवसर पर करबद्ध प्रार्थना करते हे कि आप हमारे पुनर्वास स्थल नया हरसूद में निम्म समस्याओं को अतिशीघ्र दूर करे।इन समस्याओं की मांग हम दो दशकों से लगातार विधायक, सांसद और मंत्री से दर्जनों बार कर चुके हैं आशा आप इन मांगों को गंभीरता से लेकर इसे हल करेंगे। जिसमें 
1. नए हरसूद में व्यावसायिक भूखंडों का मलिकाना हक दिया जाय। इसके लिए NHDC कंपनी ने डूब पीड़ितों से पूरी कीमत वसूली है। व्यवसायिक भूखंडों का मलिकाना हक मिलता हे तो डूब पीड़ित अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे।
2. नए हरसूद में शिक्षित बेरोजगारों और महिलाओं के रोजगार के लिए छोटे बड़े उद्योगों की स्थापना की जाय
3. नए हरसूद में डूब पीड़ितों को आबंटित आवासीय भूखंड उबड़ खाबड़ हे उन्हें समतल करके दिए जाए ताकि जिन लोगों ने आशियाना नहीं बना पाए वे अपना आशियाना बना सके।
4. इंदिरा सागर बांध प्रभावितो को सरदार सरोवर और ओंकारेश्वर बांध परियोजना की तरह स्पेशल पैकेज देने की कृपा करें।
हरसूद से विस्थापित महिलाएं मनोरमा अग्रवाल, जया माखीजा, सीमा अग्रवाल, माया सिंहल, सुरभि बंसल, जया शर्मा, प्रिया जैन जय श्री तिवारी आदि ने विस्थापित संघ सदस्यों चंद्र कुमार सांड ओर अनुराग बंसल के साथ रविवार को प्रधानमंत्री को मार्मिक पत्र लिखा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के खंडवा आगमन पर शहर में ऐसी रहेगी यातायात पार्किंग/नाका व्यवस्था

खंडवा- कल 30 जून को जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्य प्रदेश शासन डॉ मोहन यादव जी का खंडवा के नई अनाज मंडी मे आगमन हो रहा है। कार्यक्रम पश्चात श्री दादाजी धाम मे भूमि पूजन कार्यक्रम किया जाना है। सुगम यातायात व्यवस्था व व्यवस्थित पार्किंग एवं डायवर्सन की आवश्यकता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेन्द्र तारणेकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन मे उप पुलिस अधीक्षक यातायात खंडवा श्री अनिल कुमार राय एवं थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक देवेन्द्र सिंह परिहार के द्वारा खंडवा शहर मे प्रवेश करने वाले सभी मुख्य रास्तों पर अलग-अलग यातायात नाका एवं पार्किंग प्लान तैयार किया है जो निम्नानुसार है:-
बस रूट प्लान-
• 1. बुरहानपुर से आने वाली बसें बुरहानपुर, कटीघाटी, बोरगांव, डुल्हारफाटा, छैगांवमाखन, होकर नई अनाज मण्डी सभा स्थल जाएंगी। 
• 2. पंधाना से आने वाली बसें पंधाना, डुल्हार फाटा, छैगांवमाखन होकर नई अनाज मण्डी सभा स्थल जाएंगी।
• 3. छैगांवमाखन से आने वाली बसें छैगांवमाखन से नई अनाज मण्डी सभा स्थल जाएंगी।
• 4. खरगोन से आने वाली बसें खरगोन, देशगाँव, छैगांवमाखन होकर नई अनाज मण्डी सभा स्थल जाएंगी।
• 5. पुनासा से आने वाली बसें पुनासा, मूंदी, जावर, तीन पुलिया, पुराना बसस्टैण्ड, कहारवाड़ी, मानसिंगमील तौलकांटा गौशाला इंदौर नाका होकर नई अनाज मंडी सभा स्थल जायेगे।
• 6. खालवा-हरसूद से आने वाली बसें इन्दिरा चौक, ओवरब्रिज, पुराना बसस्टैण्ड, कहारवाड़ी, मानसिंगमील, तौलकांटा, गौशाला, इंदौर नाकाहोकर नई अनाज मंडीसभा स्थल जाएंगी।
• 7. बलडी/किल्लौद से आने वाली बसें हरसूद, आशापुर, इन्दिरा चौक,ओवरब्रिज, गौशाला, पुराना बसस्टैण्ड, कहारवाड़ी, मानसिंगमील, इंदौर नाका होकर नई अनाज मंडी सभा स्थल जाएंगी।
वाहन पार्किंग व्यवस्था-
1. CH प्राइम कॉलोनी पार्किंग इंदौर रोड 
2. RTO कार्यालय पार्किंग इंदौर रोड
3. ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग इंदौर रोड
4. पंधाना रोड अनाज मंडी पार्किंग
नाका व्यवस्था-
1. नागचुन रोड नाका व्यवस्था
2. मूँदी रोड नाका व्यवस्था
3. हरसूद रोड नाका व्यवस्था
4. जसवाड़ी रोड नाका व्यवस्था
5. पंधाना रोड नाका व्यवस्था
6. इंदौर रोड नाका व्यवस्था
नोट:- दिनांक 30.06.25 को सुबह 08:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बड़े माल वाहक वाहनों का शहर मे प्रवेश वर्जित रहेगा। 
            उपरोक्त व्यवस्था दिनांक 30.06.2025 को माननीय मुख्यमंत्री महोदय आगमन के दौरान यातायात पुलिस खंडवा का अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिये चार पहिया वाहनों को लेकर भ्रमण के दौरान क्षेत्र में प्रवेश नही करे एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अनिवार्य रुप से पार्किंग करे। समस्त नगरवासियो से सहयोग की अपील है।
नोट:- दादाजी मंदिर मे दर्शन के लिए आने वाले शहर के नियमित श्रद्धालुओ के वाहनों की पार्किंग नया बस स्टैन्ड गौशाला चौक खंडवा मे रहेगी।

सद्भावना मंच ने दादाजी की नगरी खंडवा में दादा जी लोक बनाने की मांग की

खंडवा- सद्भावना मंच ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से खंडवा में दादा जी लोक बनाने की मांग की है। सद्भावना मंच के सदस्य कमल नागपाल ने बताया कि मंच के सदस्यों ने मुख्यमंत्री महोदय के खंडवा आगमन से पूर्व मेल भेजकर विभिन्न मांगें की। इस अवसर पर सद्भावना मंच के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि खंडवा में दादा जी का नया भव्य मंदिर बनाने के साथ ही साथ उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर दादा जी लोक बनाया जाना चाहिए।इससे दादा जी महाराज का आशीर्वाद चौतरफा विस्तारित हो सकेगा। अन्य मांग में श्री दादा जी की नगरी खंडवा को अविलंब तीर्थ नगरी घोषित किया जाए। भुसावल से व्हाया खंडवा इटारसी बैतूल से नागपुर जाने वाली दादा जी धाम एक्सप्रेस को पुनः प्रारंभ किया जाए। इसके साथ ही साथ दादा जी की नगरी खंडवा का नाम दादाजी धाम किया जाए।मेल भेजते समय सद्भावना मंच के अध्यक्ष प्रमोद जैन, सिद्धार्थ जैन, देवेंद्र जैन, आनंद तोमर, जगदीश चंद्र चौरे, सुरेन्द्र गीते, एन के दवे, राधेश्याम शाक्य, गणेश भावसार, ओम पिल्ले, राजेश पोरपंथ, महेश मूलचंदानी, कमल नागपाल, रजत सोहनी, शरद चौरे, के बी मंसारे, नदीम रॉयल, कैलाश पटेल, सुभाष मीणा और
अर्जुन बुंदेला आदि उपस्थित रहे।

‘मन की बात’ देश की आत्मा से जुड़ाव का माध्यम: प्रेरणा, दिशा और विश्वास का स्रोत - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, रीवा में प्रधानमंत्री श्री मोदी की "मन की बात" का किया श्रवण

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि ‘मन की बात’ सिर्फ संवाद नहीं, यह देश की आत्मा से जुड़ाव का माध्यम है- प्रेरणा, दिशा और विश्वास का स्रोत है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायक होता है। ‘मन की बात’ की 123वीं कड़ी ने जन-मन में नई ऊर्जा का संचार किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के स्वास्थ्य क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धियों, योग और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों के साथ-साथ आपातकाल की विभीषिका को भी याद किया। आपातकाल का दौर लोकतंत्र के लिए एक काली रात था, जिसे देशवासियों ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से समाप्त किया। यह हमारी लोकतांत्रिक चेतना की अमिट मिसाल है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा के बूथ क्रमांक 111 स्थित निवास में प्रधानमंत्री श्री मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" का श्रवण किया।
     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश की बेटी बालाघाट की सुश्री सुमा उइके, जिन्होंने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मशरूम उत्पादन, पशुपालन और ‘दीदी कैंटीन’ जैसे उद्यमों से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की। सुश्री सुमा उइके का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। साथ ही यह अन्य महिलाओं को प्रेरित और प्रोत्साहित करेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि भारत का ‘ट्रेकोमा मुक्त’ घोषित होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह न केवल हमारे स्वास्थ्य कर्मियों की सतत मेहनत का परिणाम है। यह ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘जल जीवन मिशन’ की सामूहिक सफलता का भी परिचायक है। यह जनसहभागिता आधारित स्वास्थ्य सुधार मॉडल का उत्कृष्ट उदाहरण है। 
     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा ‘फिटनेस के लिए 10% तेल कम’ जैसे छोटे लेकिन प्रभावशाली सुझाव हर घर को स्वस्थ जीवनशैली की ओर ले जाने का सरल मंत्र हैं। फिटनेस और वेलबीइंग के लिए यह सतर्कता, न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे राष्ट्र को सशक्त बनाती है। ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ की भावना को वैश्विक मंच पर जिस गरिमा से प्रस्तुत किया गया, वह भारत की प्राचीन जीवन पद्धति की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। 10 वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विस्तार, लाखों लोगों की सहभागिता और विशाखापत्तनम से हिमालय तक की प्रेरक झलकियाँ, भारत की ‘जनभागीदारी से जनस्वास्थ्य’ की दिशा में अद्वितीय यात्रा को दर्शाती हैं।

अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संस्था लायंस क्लब में माइक्रो कैबिनेट बनी संजना खत्री

खंडवा- अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संस्था लायंस क्लब 3233 जी 1 सत्र 2025-26 गवर्नर लायन अनिल खंडेलवाल जी की नई कार्यकारिणी में लायन संजना खत्री को उनके द्वारा किए गए निरंतर सेवा कार्यों को देखते हुवे नया दायित्व दिया गया है *माइक्रो कैबिनेट (E-waste)* ई - कचरा, इलेक्ट्रॉनिक कचरा पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है इसमें हानिकारक रसायन होते हैं जो पर्यावरण में प्रदूषण फेलाते हैं और जलवायु परिवर्तन में भी योगदान करते हैं
लायन संजना खत्री द्वारा निरंतर पिछले 6 सालों से सेवा कार्य किया जा रहे हैं जिसमें पिछले तीन वर्षों से स्वास्थ्य जागरूकता पर निरंतर कार्य किया गया है जिसमें निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करना , प्रतिदिन स्वास्थ्य जागरूकता पर संदेश के माध्यम से जन मानस को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना शामिल था जिसके लिए लायन संजना खत्री को झोंन , रीजन, क्लब एवम मल्टीपल में अति सक्रिय डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन से भी सम्मानित किया गया है
बधाई प्रेषित की
माइक्रो कैबिनेट बनने पर गवर्नर लायन योगेंद्र रूनवाल, गवर्नर लायन अनिल खंडेलवाल, प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन जयप्रकाश त्रिपाठी ,द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन राम जाट, डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट सेक्रेटरी लायन सिद्धार्थ बंसल , डिस्ट्रिक्ट कोषाध्यक्ष लायन विनोद जोशी, खंडवा ओजस टीम लायन हर्षा शर्मा, लायन प्रेरणा दुबे, लायन रजनी शर्मा, लायन लिट्टी मैथ्यू ,लायन इंद्रदीप कौर, लायन दीपाली खोती ,लायन सरिता राजोरिया एवं पूरी टीम ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।

शनिवार, 28 जून 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 जून को खंडवा आएंगे

खंडवा- प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 जून को खंडवा आएंगे तथा नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम तथा दादा धूनी वाले मंदिर आश्रम परिसर में आयोजित शिलान्यास व भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
       निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव 30 जून को सुबह 11:30 बजे इंदौर हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे खंडवा की कृषि उपज मंडी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खंडवा के कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम तथा दादा धूनी वाले मंदिर आश्रम परिसर में आयोजित शिलान्यास व भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपरान्ह 4 बजे हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।

सनातन परंपरा और धार्मिक उत्सवों से ही भावी पीढ़ी सुखी होगी - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, विन्ध्य में धार्मिक उत्सवों की अनूठी परंपरा का भाग है रथयात्रा

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मानस भवन में आयोजित रथयात्रा समारोह में भगवान जगन्नाथ स्वामी का दर्शन तथा पूजा-अर्चन किया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान की आरती करके विन्ध्य और मध्यप्रदेश के निवासियों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश में सनातन परंपरा और धार्मिक उत्सव संस्कृति का आधार हैं। इन्हीं से भावी पीढ़ी सुखी होगी। विन्ध्य में वर्ष भर विभिन्न धार्मिक उत्सवों की अनूठी परंपरा है। इनमें हर वर्ग के व्यक्ति उत्साह के साथ भाग लेते हैं। भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा भी इसी परंपरा का महत्वपूर्ण भाग है। भगवान जगन्नाथ स्वामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब श्रद्धा का प्रतीक है। 
 समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जगतगुरू राघवाचार्य जी से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा का श्रवण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विन्ध्य में जगतगुरू के चरण पड़े हैं। यह हम सबके लिए शुभ फलदायी है। आपकी रामकथा को यहाँ के लोग सदैव याद करते हैं। आपके कर कमलों से हिनौती गौधाम में गौशाला निर्माण का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। रीवा में बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में सात हजार गायों तथा लक्ष्मणबाग गौशाला में एक हजार गौ माताओं की सेवा की जा रही है। हिनौती गौधाम में 25 हजार गौमाता की सेवा होगी इससे निराश्रित गौमाता को आश्रय मिलने के साथ खेती की भी रक्षा होगी। कार्यक्रम में 21 वर्षीय आदर्श कुमार पाण्डेय ने जटिल योगासन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 

एक भी गौमाता बेसहारा न रहे - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 शेड का भूमिपूजन किया

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि गौमाता पवित्रता की पराकाष्ठा है। गौमाता की कृपा से ही सभी मनोरथ और संकल्प पूर्ण होते हैं। एक भी गौमाता बेसहारा नहीं रहेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मनगवां विधानसभा अन्तर्गत हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 गौवंश संरक्षण शेड का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सहित अन्य अतिथियों ने गौपूजन कर गायों को गुड़ और चना खिलाया। 
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौ माता की रक्षा से सृष्टि की रक्षा होती है। भारत माता की जय से पहले गौमाता की जय है। उन्होंने कहा कि खेती के साथ-साथ गौमाता को भी बचाना आवश्यक है। हिनौती गौधाम में आने वाले समय में 60 शेड बनाकर लगभग 50 हजार गौवंशों का संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रीवा जिले में गौ अभ्यारण्यों की स्थापना गौमाता की संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं। हिनौती गौधाम में विकास के नए अवसर खुलेंगे और यह आर्थिक रूप से समृद्धशाली गौशाला होगी। दिल से की गई गौ सेवा से ही मानव जाति का कल्याण होगा। उन्होंने हिनौती गौधाम के विकास के लिए स्थानीय जन समुदाय द्वारा दिए गए भूमिदान व अन्य सहयोग की प्रशंसा की तथा कहा कि जन भागीदारी से ही यह पुनीत कार्य और आगे बढ़ेंगे। उन्होंने गौधाम के विकास के लिए विधायक मनगवां द्वारा किए जा रहे कार्य की भी प्रशंसा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम में चारागाह की व्यवस्था के साथ ही वृक्षारोपण सहित अन्य विकास के कार्य सतत रूप से संचालित होते रहेंगे और प्रतिमाह किसी न किसी कार्य का भूमिपूजन या लोकार्पण होता रहेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कार्यक्रम में दानदाताओं का सम्मान किया तथा गौ सेवकों को छाता व रेनकोट वितरित किए। उप मुख्यमंत्री ने गौधाम परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
अयोध्या से पधारे जगतगुरू श्री राघवाचार्य जी ने कहा कि गौमाता की सुख-शांति से ही धरती पर सुख-शांति स्थापित होती है। गाय विश्व की आयु, शक्ति और सम्पत्ति है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सामाजिक विकास के साथ आध्यात्मिक विकास भी कर रहे हैं। जगतगुरू ने कहा कि गौधाम की स्थापना से इस अंचल में सुख और समृद्धि का विकास होगा। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में संतगण, प्रबुद्धजन तथा अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामवासी उपस्थित रहे। 

टिगरिया के रोजगार सहायक के विरूद्ध वसूली की कार्यवाही जारी, वसूली का प्रकरण जिला पंचायत न्यायालय भेजा

खंडवा - ग्राम पंचायत टिगरिया के ग्राम रोजगार सहायक बनवारी धीमान की समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत खंडवा द्वारा इस मामले की जांच हेतु अधिकारियों का दल बनाया गया था। जांच दल से प्राप्त प्रतिवेदन अनुसार ग्राम पंचायत टिगरिया के रोजगार सहायक बनवारी धीमान द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यो में कुल 1 लाख 9 हजार 814 रूपये का अनियमित मजदूरी भुगतान किया गया है। जनपद पंचायत खंडवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर सुश्री निकिता मंडलोई ने बताया कि इस राशि की वसूली के लिए प्रकरण तैयार कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खण्डवा के न्यायालय में भेज दिया गया है। जिस पर वसूली की कार्यवाही प्रचलित है।

शुक्रवार, 27 जून 2025

तीन पुलिया ओवरब्रीज समाधान नहीं समस्या बना:-जनमंच, जनमंच ने तीन पुलिया ओवरब्रीज के बाजू से सर्विस रोड की मांग की

• जनमंच सदस्यों ने अधिकारियों से मौक़े पर की चर्चा,
• अधिकारियों ने जनमंच सदस्यों को बताया कि दादाजी मेले के पूर्व नहीं बन पाएगा सिविल लाइन छोर पर सर्विस रोड,
• 8 वर्ष से बन रहे ओवर ब्रीज की लागत हुई दोगुनी
खंडवा- आज से लगभग 8 वर्ष पहले पूर्व सांसद नन्द कुमार सिंह चौहान ने खंडवा के मध्य स्थित तीन पुलिया पर ओवरब्रीज बनाने का भूमि पूजन किया था ।आज लगभग 8 वर्ष पूर्ण होने को आए परंतु यह ब्रीज पूरा होने का नाम नहीं ले रहा हे।जबकि इसे 2020 में बनकर तैयार होना था ।अब इसकी लागत दो गुना हो गई है।अभी रेल्वे विभाग की और से अनुमति मिलना बाकी है।*
*शुक्रवार को सामाजिक संस्था जनमंच के सदस्यों ने निर्माणाधीन तीन पुलिया ओवरब्रीज के सिविल लाइन छोर की ओर सर्विस रोड की मांग ओर चिड़िया मैदान की और सर्विस रोड की मांग को लेकर  मौके पर पहुंच कर सेतू निगम ओर PWD के जिम्मेदारों को बुलाया। यहां सेतू निगम के सब इंजीनियर अरुण गंगराड़े ने जनमंच सदस्यों को बताया कि इस गुरु पूर्णिमा  पर्व पर सर्विस रोड नहीं बन पाएगा।क्योंकि इसके लिए पुलिस महकमे की जमीन लगेगी। खंडवा पुलिस अधीक्षक ने सेतु निगम से कहा हे यह मेरे अधिकार क्षेत्र का नहीं हे । सेतु निगम पुलिस हेड क्वार्टर भोपाल से जमीन मांगें पुलिस हेड क्वार्टर जमीन देता हे तो हमें कोई आपत्ति नहीं  हम जमीन दे देंगे। उधर सेतू निगम के अधिकारियों ने जनमंच सदस्यों को बताया कि हमने पुलिस हेड क्वार्टर से 210 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी जगह मांगी है। अगर पुलिस डिपार्टमेंट इतनी जगह देता है तो हम एक महीने में पक्का सीमेंट  रोड बना देंगे। जनमंच सदस्यों ने तीन पुलिया से चिड़िया मैदान सर्विस रोड ओर तीन पुलिया से सेंट जोसेफ स्कूल वाले रोड के मरम्मत कार्य को गुरु पूर्णिमा पर्व के पूर्व तक पूरा करने की मांग भी की इस पर सेतू निगम के जिम्मेदारों ने इसे गुरु पूर्णिमा के पहले मरम्मत करने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान जनमंच सदस्य और गणमान्य नागरिकों चंद्र कुमार सांड , सुनील जैन, मनोज सोनी, प्रमोद सिन्हा,संजय राठी अनिल पटेल आदि उपस्थित थे। जनमंच सदस्य चन्द्र कुमार सांड ने बताया कि सर्विस रोड की मांग को लेकर जनमंच सदस्यों ने सांसद,मंत्री विधायक और अधिकारियों को कई ज्ञापन दिए।अब 30 जून को मुख्य मंत्री के खंडवा आगमन पर विभिन्न मांगों का ज्ञापन देंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वाराणसी प्रवास के दौरान बाबा विश्वनाथ के दर्शन और विधिवत पूजन किया। उन्होंने बाबा से प्रदेशवासियों के कल्याण, समृद्धि तथा लोकमंगल की प्रार्थना की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि काशी विश्वनाथ महादेव केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र हैं। काशी में आकर दिव्यता, भव्यता और अलौकिक अनुभूति होती है। प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जगद्गुरु संतोष दास जी महाराज ‘सतुआ बाबा’ का आत्मीय सान्निध्य प्राप्त किया।

एच.आई.वी. एड्स के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में बैठक सम्पन्न

खंडवा- राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला क्षय केन्द्र में एड्स कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिला नोडल अधिकारी डॉ. शक्तिसिंह राठौड़ ने एच.आई.वी. एड्स के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए संचालित एकीकृत परामर्श एवं जांच केन्द्र, यौवन रोग क्लिनिक, एआरटी, ब्लडबैंक एवं गैर शासकीय संस्थाओ द्वारा किए जा रहे कार्याें की मासिक समीक्षा की। उन्होंने सभी केन्द्रों एवं परियोजनाओं को लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। बैठक में परामर्शदाता जितेन्द्र प्रजापति, कन्हैया भालराय, एसटीआई परामर्शदाता व अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

मध्यप्रदेश में पर्यटन की असीम संभावनाओं से खुलेंगे उन्नति के नए द्वार : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

• पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ एमओयू,
• लखनऊ में म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के भव्य रोड शो का सफलतापूर्वक समापन,
• पर्यटन व्यवसायी, टूर ऑपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के हितधारक हुए शामिल,
• पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंन्द्र लोधी ने प्रदेश की पर्य़टन विशेषताओं से कराया अवगत
भोपाल: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अधोसंरचना विकास, पारंपरिक संस्कृति का संरक्षण एवं प्रोत्साहन और पर्यटन क्षेत्र में निजी सहभागिता को बढ़ावा देकर सुनियोजित एवं एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से आज मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में असीम क्षमता और निवेश का आकर्षक क्षेत्र बन गया है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल लखनऊ के होटल ताज महल में पर्य़टन रोड शो में पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स, ट्रेवल एजेंट्स और होटल व्यवसाय से जुड़े हितधारकों को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि किसी क्षेत्र में तीव्र गति से विकास 3 क्रांतियों के होने से होता है। औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति और पर्यटन क्रांति। इन तीनों क्रांतियों से स्वरोजगार और रोज़गार के अवसर सृजित होते हैं। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों प्रदेश इन तीनों क्रांति के लिये सबसे उपयुक्त प्रदेश हैं। 
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक रूप से जुड़ाव रहा है। हमारे रीति–रिवाज, त्यौहार, खान–पान, रिश्ते–नाते एक जैसे हैं। माँ गंगा से माँ नर्मदा तक की यह यात्रा न केवल पर्यटकों को सुखद अनुभूति प्रदान करेगी बल्कि दोनों प्रदेश के संबंधों को भी प्रगाढ़ करेगी।  
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि पर्यटन किसी भी राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ है। वर्तमान में पर्यटन उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे तेजी से बढ़ते उद्योगों में से एक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में पर्यटन अधोसंरचनाओं के निर्माण और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे है। मध्यप्रदेश, अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और धार्मिक संपदा के लिए प्रसिद्ध है। राज्य मंत्री श्री लोधी ने मध्यप्रदेश की पर्यटन नीति और निवेश के अवसरों पर चर्चा करते हुए, सभी को मध्यप्रदेश आने और प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया।
गंगा-नर्मदा कॉरिडोर से खुलेगी पर्यटन की नई राह
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मध्यप्रदेश भारत का एक समृद्ध और विविधतापूर्ण राज्य है। उत्तर प्रदेश और म.प्र. के पर्यटन में काफी समानता है। बाबा महाकाल और बाबा काशी विश्वनाथ दुनियाभर के श्रृद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। दोनों ही ज्योर्तिलिंग को जोड़ने के लिये काशी विश्वनाथ महाकाल एक्सप्रेस संचालित होती है। गंगा और नर्मदा पर्यटन कॉरिडोर प्रस्तावित परियोजना के तहत मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ा जाएगा। प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर से गुजरने वाले इस गलियारे में दोनों राज्यों के बीच पर्यटन सहयोग को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों को एक समृद्ध और विविध अनुभव मिलेगा साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य और विरासत पर्यटन को आकर्षित करने में सहयोग प्राप्त होगा। 
मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स, ट्रेवल एजेंट्स और होटल व्यवसाय से जुड़े हितधारकों के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावे के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्य़टन रोड शो का आयोजन किया गया। यह रोड शो आगामी माह में होने वाले मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट और रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव की तैयारियों के दृष्टिगत किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग श्री मुकेश कुमार मेश्राम और ख्यात अभिनेता श्री पंकज त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्रीराम पथ गमन, श्रीकृष्ण पाथेय और बुद्ध सर्किट के अनुसंधान और विकास की दृष्टि से मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच एमओयू किया गया।
हितधारकों ने किया मंथन
उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के ट्रैवल ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और टूरिज़्म स्टेकहोल्डर्स के बीच द्विपक्षीय संवाद और व्यावसायिक संभावनाओं पर चर्चा की। यह सत्र न केवल क्षेत्रीय पर्यटन के विकास के लिए, बल्कि राष्ट्रीय पर्यटन समृद्धि के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश की सहज कनेक्टिविटी
उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश की यात्रा पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो गई है। उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे लखनऊ, वाराणसी, आगरा, कानपुर और प्रयागराज मध्यप्रदेश के ग्वालियर, खजुराहो, भोपाल, इंदौर और जबलपुर से हवाई यात्रा सुलभ है। इसके साथ ही रेल मार्ग से रीवा, ओरछा, ग्वालियर खजुराहो जुड़े हुए हैं। मध्यप्रदेश पहुंचने के बाद पर्यटकों के लिए मजबूत और सुगम सड़क नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध है, जिससे राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सरल एवं कम समय में सुविधापूर्वक यात्रा की जा सकती है।

विंध्य क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल और एलायंस एयर के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल से दिल्ली में एलायंस एयर के चेयरमैन श्री अमित कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजर्षी सेन ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर विंध्य क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार एवं संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा, सतना और विंध्य क्षेत्र के महत्वपूर्ण नगरों में एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हवाई सेवाएं आमजन के लिए सुलभ और सस्ती बनाई जा रही हैं, और मध्यप्रदेश सरकार इस दिशा में हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। 
    उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने एलायंस एयर को रीवा एवं विंध्य क्षेत्र की आर्थिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी दी और कहा कि यहां एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं निवेश के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति होगी। बैठक में रीवा से महानगरों के लिए सीधी उड़ानों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

साईं मंदिर टैगोर वार्ड का स्थापना दिवस 28 जून को, आम भंडारे सहित कई कार्यक्रम होंगे

खंडवा- श्री साईं मंदिर टैगोर वार्ड खंडवा में मंदिर का स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था भाव के साथ 28 जून शनिवार मनाया जाएगा।इस अवसर पर एक दिवसीय कार्यक्रम होंगे।
साईं मंदिर समिति के विजय नावानी और सिंधी समाज के प्रवक्ता कमल नागपाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी मंदिर का स्थापना दिवस मनाया जाएगा।मंदिर से जुड़े हुए समस्त भक्तजन बेसब्री से इस अत्यंत विशेष दिन का इंतजार कर रहे हैं।शनिवार सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक बाबा का अभिषेक होगा।सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक हवन होगा। वहीं सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक भगवान सत्यनारायण जी की कथा होगी। इसके साथ ही स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार रात्रि 9:00 बजे से मंदिर क्षेत्र में आम भंडारा आयोजित किया जाएगा।साईं बाबा मंदिर समिति ने समस्त साईं भक्तों से निवेदन किया है कि स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यक्रम सफल बनाएं।

गुरुवार, 26 जून 2025

रानी दुर्गावती न केवल जनजातीय अपितु संपूर्ण भारत की नारी जाती की वीरता एवं साहस का प्रतीक हैं- श्री कुमरे

भोपाल/देवास- गोंड समाज महासभा, शहर इकाई देवास द्वारा 461वां वीरांगना महारानी दुर्गावती बलिदान दिवस श्रम कल्याण केंद्र, बीएनपी परिसर में धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम स्थल 'रानी दुर्गावती अमर रहें' के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह कुमरे (एडवोकेट, सुप्रीम कोर्ट), सदस्य कार्य परिषद् बरकतुल्ला विश्वविद्यालय भोपाल एवं पूर्व कानूनी सलाहकार, जनजाति प्रकोष्ठ, राजभवन भोपाल, ने वीरांगना रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। 
इसके पश्चात बड़े देव की पूजा-अर्चना और आरती कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बड़े देव की स्तुति से हुई, जिसमें जिया, जीवा और भव्या ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। मुख्य अतिथि श्री कुमरे ने अपने संबोधन में कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन साहस, स्वाभिमान और नारीशक्ति की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने 14 वर्षों तक सफलतापूर्वक स्वतंत्र शासन किया और मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना बलिदान दिया। उन्होंने ये भी कहा कि इतिहास में जनजाति नायकों को वो स्थान नहीं मिला जिसके वो हकदार थे, ये हमारा सामूहिक भारतीय होने का कर्तव्य है कि ऐसे सभी बलिदानियों की वीर गाथा को याद किया जाए और आदिवासियों के गौरवशाली इतिहास पर गर्व किया जाए।उन्होंने कहा कि आज की महिलाओं को रानी दुर्गावती से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए समाज, राजनीति और आर्थिक क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। गोंड समाज जिलध्यक्ष रामदेव सरलाम ने रानी दुर्गावती के शासनकाल का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रानी का राज्य जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, मंडला, छिंदवाड़ा एवं छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक फैला था। रानी दुर्गावती के बलिदान को याद करते हुए बताया गया कि मुगलों से युद्ध के दौरान जब वे गंभीर रूप से घायल हुईं और चारों ओर से घिर गईं, तब उन्होंने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए स्वयं तलवार घोंपकर वीरगति प्राप्त की। कार्यक्रम में डॉ. सतीश उईके ने रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस और बलिदान को नमन किया। मुख्य अतिथि विक्रांत कुमरे और श्री रामदेव सरलाम द्वारा चित्रकला एवं शैक्षणिक प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कनक मर्सकोले ने गोंडी भाषा में महारानी दुर्गावती के जीवन पर प्रकाश डाला जबकि अनुष्का कवड़ेती ने विस्तार से उनके जीवन और शासन की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला सदस्य श्रीमती रिंकू सरियाम, ईशा ठाकुर, ममता कवड़ेती, ममता इवने, नम्रता मरावी, मालती आहके, मनोरमा परते, माधुरी भलावी, पूनम मर्सकोले का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमरे ने किया और आभार दियाल सिंह उईके ने व्यक्त किया। अध्यक्ष श्री डी एस उईके व डॉ. सतीश उईके के मार्गदर्शन में श्री ललित आहके, स्वतंत्र ठाकुर, सुनील इवने, कपिल परते, विनोद सरियाम, महेश टेकाम, अजब सिंह कुमरे, सुरेश कवडेती, गोविंद इवने, भानू प्रताप उईके, राहुल परते, नीलेश ऋषि, राहुल, पपलू, दक्ष, तनिष्क आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।