झांसी/नई दिल्ली- केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) कार्यालय में सक्रिय एक संगठित रिश्वतखोरी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में CBI ने एक उप आयुक्त (IRS–C&IT), दो अधीक्षकों, एक अधिवक्ता तथा एक निजी कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी, आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
CBI द्वारा 30 दिसंबर 2025 को दर्ज इस मामले में आरोप है कि CGST झांसी में पदस्थ अधिकारियों द्वारा GST चोरी से संबंधित मामलों में निजी कंपनियों को राहत देने और उनके पक्ष में कार्रवाई करने के एवज में 1.5 करोड़ रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए CBI ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया।
योजना के अनुसार CBI ने दो आरोपित अधीक्षकों को उप आयुक्त (IRS–C&IT, 2016 बैच) के निर्देश पर 70 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जांच में यह सामने आया कि रिश्वत की रकम निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले ली जा रही थी। मामले में एक अधिवक्ता और निजी कंपनी के मालिक की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारियों के बाद CBI ने कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें लगभग 90 लाख रुपये नकद, बड़ी मात्रा में आभूषण एवं बुलियन, तथा कई महत्वपूर्ण संपत्ति दस्तावेज बरामद किए गए। CBI के अनुसार तलाशी और जांच की प्रक्रिया अभी जारी है और अब तक कुल लगभग 1.60 करोड़ रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी को इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की भी आशंका है।
CBI ने स्पष्ट किया है कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण के बाद सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। एजेंसी द्वारा भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात का संकेत है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ CBI की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी स्तर पर संलिप्त अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।