खंडवा- थाना नर्मदानगर क्षेत्र के ग्राम पामाखेड़ी में 12 मार्च को हुई सनसनीखेज डकैती का खंडवा पुलिस ने खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 12 बोर की बंदूक, 27 कारतूस, 1 लाख 60 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। इस संगठित गिरोह का मास्टरमाइंड एक डॉक्टर निकला, जिसने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिलाया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) के निर्देशानुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) श्री राजेश रघुवंशी तथा एसडीओपी मूंदी श्री मनोहर सिंह गवली के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने लगातार कार्रवाई कर इस बड़ी वारदात का खुलासा किया।
12 मार्च को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम पामाखेड़ी निवासी ललित सोलंकी के घर 7-8 बदमाश काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो से पहुंचे। आरोपियों में चार बदमाशों ने चेहरे ढके हुए थे, जबकि दो आरोपी खाकी वर्दी में थे। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए घर में प्रवेश किया।
आरोपियों ने घर में मौजूद तीन नौकरों बसंत, उमेन सिंह और तोताराम से मारपीट कर उनके हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी और लॉकर तोड़कर 1.60 लाख रुपये नकद और 12 बोर की बंदूक लेकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना नर्मदानगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले भी हो चुका था प्रयास
पुलिस ने बताया कि फरियादी ललित सोलंकी के घर वर्ष 2025 में भी इसी प्रकार लूट के उद्देश्य से घुसने का प्रयास किया गया था, जिसका मामला भी दर्ज किया गया था। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी पहले से घर की जानकारी जुटा रहे थे।
तीन विशेष टीमों का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खंडवा ने आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
धार जिले में भी दिया था वारदात को अंजाम
जांच के दौरान सामने आया कि 13 मार्च को धार जिले के बाग में भी इसी गिरोह ने नकली आयकर अधिकारियों बनकर करीब एक करोड़ रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों घटनाओं में समानता मिलने पर खंडवा, धार और शाजापुर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
गिरोह का मास्टरमाइंड डॉक्टर
जांच में सामने आया कि आरोपी डॉक्टर शहजाद इस गिरोह का मास्टरमाइंड था। उसने साथियों की टीम बनाकर पहले रेकी की और फिर वारदात की योजना तैयार की। आरोपी नरसिंह को जेल में किसी बंदी से सूचना मिली थी कि पामाखेड़ी निवासी ललित सोलंकी के घर में तहखाने में सोना-चांदी रखा है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने योजना बनाई।
11 मार्च की रात आरोपियों ने बेरछा में शराब पार्टी की और दो वाहनों से वारदात के लिए निकले। एक वाहन निगरानी के लिए लगाया गया जबकि दूसरा वाहन घर के सामने पहुंचा। वारदात के बाद आरोपी बेरछा पहुंचे और वहां फिर शराब पार्टी की। इसके बाद 13 मार्च को धार जिले में दूसरी वारदात को अंजाम दिया।
9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अब्दुल गफ्फार खान, डॉक्टर शहजाद, नरसिंह बघेल, अब्दुल निसार, पप्पू उर्फ सुरेंद्र सिंह सेन्धव, अमन उर्फ विवेक सोनी, राजेन्द्र उर्फ राजा गुर्जर, निलेश उर्फ बिल्ला गुर्जर और आकाश कंडारे को गिरफ्तार किया है।
6 आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि इकबाल, धर्मेन्द्र झाला, आकाश उर्फ मुरलीधर, रंजीत कंजर, तन्मय उर्फ तनु हाडा और संजय शर्मा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जब्त सामान
पुलिस ने आरोपियों से
- 12 बोर की बंदूक
- 27 कारतूस
- 1.60 लाख रुपये नगद
- लाल रंग की स्विफ्ट कार
- काले रंग की स्कॉर्पियो
जब्त की है।
अलग-अलग पेशे से जुड़े आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग पेशों से जुड़े हुए हैं। इनमें डॉक्टर, सरपंच, ज्वेलर्स व्यवसायी, मैकेनिक, ट्रैक्टर चालक, फल विक्रेता और मजदूर शामिल हैं। इससे स्पष्ट होता है कि गिरोह संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देता था।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए
जांच में कई आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराध दर्ज होना सामने आया है। कुछ आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे मामले में खंडवा, धार और शाजापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश तथा पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) द्वारा टीम को नगद इनाम से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें