भोपाल/रीवा- उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को गांधी स्मारक चिकित्सालय परिसर स्थित वर्न यूनिट का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वर्न वार्ड में एयरकंडीशनर की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्न वार्ड जैसे संवेदनशील विभागों में तापमान नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है, इसलिए यहां स्थापित सभी एयरकंडीशनर और कूलर हर समय चालू एवं कार्यशील स्थिति में रहने चाहिए।
श्री शुक्ल ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि यदि किसी उपकरण में तकनीकी खराबी आती है तो उसके सुधार में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में अतिरिक्त एयरकंडीशनर और कूलर उपलब्ध रखे जाएं ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्न वार्ड में भर्ती मरीजों को विशेष देखभाल और नियंत्रित वातावरण की आवश्यकता होती है। ऐसे में सुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी हुई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई तथा मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली और अधिकारियों को अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल एवं गांधी स्मारक चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को वर्न यूनिट की वर्तमान व्यवस्थाओं और सुधारात्मक कार्यों की जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें