गुरुवार, 2 अक्टूबर 2025

खंडवा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, 11 लोगों की मौत–प्रधानमंत्री ने 2-2 लाख और मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख की सहायता की घोषणा

खंडवा- विजयादशमी के अवसर पर जिले के पंधाना थाना अंतर्गत ग्राम जामली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई, जिससे उसमें सवार 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल खंडवा में आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

हादसे की जानकारी

थाना पंधाना क्षेत्र के ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब की ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और श्रद्धालु पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों व पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य किया, लेकिन 10 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों की सूची

1. आरती पिता प्यारसिंग, उम्र 18 वर्ष।

2. दिनेश पिता शांतीलाल, उम्र 13 वर्ष।

3. उर्मिला पिता रेलसिंग, उम्र 16 वर्ष।

4. शर्मिला पिता प्यारसिंग, उम्र 15 वर्ष।

5. गणेश पिता तेरसिंग, उम्र 20 वर्ष।

6. किरण पिता रेमंसिंग, उम्र 16 वर्ष‌।

7. पाटली बाई पति रामलाल, उम्र 25 वर्ष।

8. रेवसिंग पिता भुरासिंग, उम्र 13 वर्ष।

9. आयुष पिता भारत, उम्र 9 वर्ष।

10. संगीता पिता ज्ञानसिंग, उम्र 16 वर्ष।

घायल

1. सोनु पिता थावरसिंह किराडे, उम्र 22 वर्ष।

2. सोनु पिता रिच्छु वास्कले, उम्र 17 वर्ष।

3. मंजुला पिता मांगीलाल, उम्र 16 वर्ष।

मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की संवेदना

मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा –

“खंडवा के ग्राम जामली क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है।”

क्षेत्र में शोक और प्रशासन की भूमिका

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है। मृतकों में छोटे बच्चे, महिलाएँ और युवा शामिल हैं। परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया। जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान करने में जुटा है।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के उत्सव के बीच घटी इस त्रासदी ने जिले में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। मुख्यमंत्री से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक ने शोक संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

न्यूज अपडेट........


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ट्रैक्टर ट्रॉली दुर्घटना के मृतको के शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की,

मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत

खंडवा- मां दुर्गा की प्रतिमा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली गुरुवार शाम को पंधाना तहसील के ग्राम जामली राजगढ़ के पास स्थित अर्दला तालाब के रपटे पर पलट जाने से पंधाना तहसील के ग्राम पाडल्या फाटा निवासी 11 ग्रामीणों की दुखद मृत्यु हो गई। इस दुखद हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

         कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने पन्धाना के एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देश दिए हैं कि सभी मृतकों के परिजनों के बैंक खातों की जानकारी लेकर राहत राशि तत्काल बैंक खातों में जमा कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को खाद्यान्न की उपलब्धता संबंधी कोई कमी ना आए यह सुनिश्चित किया जाए।

       कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड एवं एस डी ई आर एफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ कर दिया। लगभग 3 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 11 शव निकाल लिए गए हैं।

          गांव के कोटवार श्री लोकेंद्र बारे ने बताया कि उसने ट्रैक्टर चालक को रपटे पर से वाहन निकालने से मना किया था, लेकिन मना करने के बावजूद उसने वाहन निकाल लिया, जिसके तुरंत बाद यह दुर्घटना हो गई। कोटवार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। 

       घटना की सूचना मिलते ही पन्धाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉक्टर नागार्जुन बी गौड़ा सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

           एस डी एम पंधाना सुश्री दीक्षा भगोरे ने बताया कि मृतकों में कु. आरती 18 वर्ष, दिनेश 13 वर्ष, उर्मिला 16 वर्ष, शर्मिला 15 वर्ष, गणेश 20 वर्ष, किरण 16 वर्ष, पाटली 25 वर्ष, रेवसिंह 13 वर्ष, आयुष 9 वर्ष, संगीता 16 वर्ष और चंदा 8 वर्ष शामिल हैं।

हादसे पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दुःख जताया है उन्होंने एक्स पर कहा कि मध्य प्रदेश के खंडवा में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूँ। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएँगे: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 

https://x.com/PMOIndia/status/1973805306699284594?s=19


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

ओंकारेश्वर में सनातन समन्वय का नया अध्याय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे भव्य पंचायतन मंदिर का शिलान्यास | एकात्म धाम में 27 अगस्त को होगा ऐतिहासिक आयोजन, वैदिक अनुष्ठानों के बीच रखी जाएगी मंदिर की आधारशिला

ओंकारेश्वर/भोपाल। भगवान शिव की पावन नगरी ओंकारेश्वर एक बार फिर भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही ...