भोपाल- आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने मध्य प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, आधुनिक तथा जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने, सेवाओं की पहुँच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री जाधव ने पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों—विशेष रूप से आयुष—और आधुनिक चिकित्सा प्रणालियों के समन्वय को जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों प्रणालियों का एकीकृत उपयोग न केवल रोग निवारण में सहायक होगा, बल्कि जनसामान्य को समग्र स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करेगा।
श्री जाधव ने जनहित में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नवाचार आधारित सुधारों को अपनाने को लेकर राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और समर्पण से ही आमजन का विश्वास सुदृढ़ किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री पटेल ने भी केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाएगा।
बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा जन-केंद्रित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के लिए बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित करेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें