हरिपुरा(चारूवा)- हरिपुरा (चारूवा) स्थित प्राचीन एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र श्री गुप्तेश्वर मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला श्री गुप्तेश्वर मेला इस वर्ष दिनांक 15 फरवरी 2026 (रविवार) से प्रारंभ होकर 8 मार्च 2026 (रविवार) तक श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। मेला महाशिवरात्रि पर्व से आरंभ होकर रंग पंचमी तक चलेगा।
मेला समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। क्षेत्र सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री गुप्तेश्वर के दर्शन हेतु पहुंचेंगे।
17 फरवरी को निकलेगी भगवान श्री गुप्तेश्वर की पालकी (झांकी)
मेला आयोजन का प्रमुख आकर्षण दिनांक 17 फरवरी 2026 (मंगलवार) को फाल्गुन वदी अमावस्या के पावन अवसर पर निकलने वाली भगवान श्री गुप्तेश्वर की पालकी (झांकी) होगी। पालकी यात्रा के दौरान संपूर्ण क्षेत्र भक्ति एवं उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहेगा। मेला समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पालकी दर्शन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
व्यापारियों एवं दुकानदारों के लिए दिशा-निर्देश
मेला समिति द्वारा व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु व्यापारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं—
- दिनांक 5 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दुकान लगाने हेतु स्थान का वितरण किया जाएगा।
- स्थान आवंटन के पश्चात किराया जमा कर रसीद प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
- मेला समिति से NOC प्राप्त कर ही दुकान लगाना मान्य होगा।
- दुकानों की निर्धारित लाइन व्यवस्था का पालन करना होगा।
- मेला क्षेत्र में अनुशासनहीनता या नियम उल्लंघन पर समिति द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।
- दुकान केवल मेला समिति द्वारा निर्धारित स्थान पर ही लगाई जा सकेगी।
- 9 मार्च 2026 (सोमवार) को मेला ग्राउंड को पूर्ण रूप से खाली करना अनिवार्य रहेगा।
समिति ने स्पष्ट किया है कि मेला संबंधी सभी मामलों में समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
मेला समिति एवं आयोजन
श्री गुप्तेश्वर मेले का आयोजन नवीन संयुक्त कार्यवाहक समिति श्री गुप्तेश्वर मंदिर (हरिपुरा–चारूवा) द्वारा किया जा रहा है। समिति के ट्रस्टी शिवदत्त शास्त्री हैं। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मेला समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का आग्रह किया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें