शनिवार, 6 दिसंबर 2025

होमगार्ड्स का 79वां स्थापना दिवस: परेड, सम्मान और “ओपन जिम” की घोषणा के साथ मनाया गया समारोह

खंडवा– होमगार्ड्स का 79वां स्थापना दिवस शनिवार को खंडवा होमगार्ड्स लाइन में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय उपस्थित रहे।

स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ परेड निरीक्षण के साथ हुआ। विधायक श्रीमती तन्वे ने परेड की सलामी ली, जिसमें होमगार्ड्स, एसडीईआरएफ, आपदा मित्र, सिविल डिफेंस एवं एनसीसी कैडेट्स के प्लाटून शामिल रहे। सलामी के बाद प्लाटून कमांडर श्री रविन्द्र महिवाल ने अतिथियों को परेड का निरीक्षण कराया।
परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर श्री मनीष यादव, प्लाटून कमाण्डर तथा श्री नितिन पुरे, परेड टू-आईसी द्वारा किया गया। एसडीईआरएफ के रेस्क्यू वाहन एवं आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती कंचन तन्वे ने विगत वर्ष में होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन टीम द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोगी दल है, जो हर परिस्थिति में अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा देता है।

विधायक श्रीमती तन्वे ने जवानों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए विधायक निधि से होमगार्ड्स लाइन खंडवा में “ओपन जिम” लगाने की घोषणा भी की, जिसे उपस्थित जवानों ने उत्साह से स्वागत किया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य अतिथियों ने होमगार्ड्स स्वयंसेवी जवानों के मेधावी बच्चों को शिक्षा निधि एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी–कर्मचारियों तथा स्वयंसेवी जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।

परेड समारोह के पश्चात अतिथियों ने एसडीईआरएफ द्वारा लगाए गए आपदा प्रबंधन उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जवानों की तत्परता व कौशल की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवी जवान एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। स्थापना दिवस का यह आयोजन अनुशासन, सेवा भावना और समर्पण की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करता रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें