सोमवार, 1 जून 2026

अवैध शराब तस्करी पर खालवा पुलिस का बड़ा प्रहार: 290 लीटर शराब और स्विफ्ट कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

खंडवा- जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए खंडवा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खालवा थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 290 लीटर अवैध शराब और बीयर से भरी एक स्विफ्ट कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार खालवा थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार क्रमांक MP12CA-7309 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर आशापुर रोड की ओर से खालवा क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर ब्लॉक कार्यालय के सामने घेराबंदी की।

कुछ ही देर में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि वाहन में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित पिता जगदीश माली निवासी राम मोहल्ला, खालवा बताया।

गवाहों की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त सामग्री में 15 पेटी बॉम्बे व्हिस्की, 2 पेटी प्लेन शराब, 2 पेटी ऑफिसर चॉइस तथा 10 पेटी पावरकूल बीयर शामिल थीं। कुल मिलाकर वाहन से 29 पेटियों में लगभग 290 लीटर शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 53 हजार 20 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी से शराब के परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने फरार चालक की पहचान फुलसिंह निवासी कोठा के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के साथ लगभग 3 लाख रुपये मूल्य की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 4 लाख 53 हजार 20 रुपये आंकी गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि खंडवा पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश सिंधिया, उपनिरीक्षक राधेश्याम मंडलोई, प्रधान आरक्षक राधेश्याम पाल तथा आरक्षक जयदीप की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी मात्रा में अवैध शराब बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें