भोपाल- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में केवल अधोसंरचना का विस्तार पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेहतर भवन, आधुनिक संसाधन और सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से ही उच्च शिक्षा को नई दिशा दी जा सकती है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रीवा में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रीवा संभाग में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों और नागरिकों को उच्च शिक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रीवा संभाग को आदर्श संभाग बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संस्थानों में नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए सक्रिय प्रयास करें। साथ ही प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाएं।
उन्होंने कहा कि एक अच्छा प्रशासक वही होता है जो जमीनी स्तर से फीडबैक लेकर कार्य करता है। इस दृष्टि से यह नया भवन प्रशासनिक गतिविधियों को गति देने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस भवन के माध्यम से संभाग के सभी महाविद्यालयों के विकास और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. आर.पी. सिंह ने जानकारी दी कि लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस भवन से शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के संचालन और नियंत्रण की व्यवस्था सुगम होगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यालय के माध्यम से संभाग के महाविद्यालयों के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
विधि-विधान से हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बीएस जामोद, व्यंकटेश पाण्डेय सहित महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
शिक्षा विकास को मिलेगी नई दिशा
नवीन भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने के साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विकास को नई गति मिलेगी।
❤️👌
जवाब देंहटाएं