भोपाल- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा की चिरहुला कॉलोनी में मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्माणाधीन शासकीय आवासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिये कि समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि शासकीय आवासों के निर्माण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवास संबंधी स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से कुल 165 शासकीय आवासों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें एक डी-टाइप डुप्लेक्स, चार ई-टाइप डुप्लेक्स, 16 एफ-टाइप पी प्लस 4 आवास तथा 48-48 जी, एच एवं आई-टाइप पी प्लस 6 आवास शामिल हैं। यह आवास आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे और नियमानुसार सभी आवश्यक मापदंडों का पालन किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि तय समय में आवासों का निर्माण पूर्ण हो सके और शीघ्र ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवास आवंटित किये जा सकें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्य को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें