बुधवार, 29 अक्टूबर 2025

रीवा-दिल्ली एवं रीवा-इंदौर हवाई सेवाओं से विंध्य को मिलेगी नई उड़ान- उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू से की मुलाकात

भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किन्जारपु से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच प्रदेश, विशेषकर विंध्य क्षेत्र के विकास, हवाई संपर्क विस्तार और रीवा एयरपोर्ट से प्रारंभ होने वाली नई हवाई सेवाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सक्रिय पहल के फलस्वरूप रीवा-दिल्ली और रीवा-इंदौर हवाई सेवाओं का शुभारंभ संभव हो पाया है। इन सेवाओं के प्रारंभ से विंध्य क्षेत्र की राजधानी रीवा को देश की राजधानी दिल्ली तथा औद्योगिक नगरी इंदौर से सीधा हवाई संपर्क प्राप्त होगा। यह पहल क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास के लिए एक नया अध्याय साबित होगी।

श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा और संपूर्ण विंध्य क्षेत्र लंबे समय से हवाई कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब इन सेवाओं से व्यापार, उद्योग और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे तथा यात्रा समय में भारी कमी आएगी। यह सुविधा न केवल प्रदेश के नागरिकों को लाभान्वित करेगी, बल्कि प्रदेश की समग्र प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के दृष्टिकोण का परिणाम है कि आज देश के दूरस्थ क्षेत्रों को भी आधुनिक हवाई संपर्क से जोड़ा जा रहा है।

इस अवसर पर श्री शुक्ल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से केंद्रीय मंत्री श्री नायडू को रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के शुभारंभ समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस समारोह में केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति विंध्यवासियों के लिए गर्व का क्षण होगी।

रीवा-दिल्ली और रीवा-इंदौर हवाई सेवाएं न केवल क्षेत्र की भौगोलिक सीमाओं को पाटेंगी, बल्कि विकास की नई उड़ान का प्रतीक बनेंगी। यह कदम प्रधानमंत्री श्री मोदी के नए भारत और विकसित मध्य प्रदेश के विज़न को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें