खंडवा (ग्राम तक न्यूज)- पंधाना क्षेत्र की विधायक छाया मोरे ने मंगलवार को पंधाना कृषि उपज मंडी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में कई गंभीर अनियमितताएं पाईं, जिनमें सबसे प्रमुख थी — नमी जांचने की मशीन (मॉइश्चराइज़र) का अभाव।
विधायक ने इस संबंध में मंडी सचिव हरे सिंह सोलंकी से जब जवाब मांगा, तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर विधायक ने मौके पर ही सचिव को फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के हितों से कोई भी समझौता स्वीकार नहीं होगा।
संसाधनों की कमी और किसानों की बढ़ी परेशानी
विधायक छाया मोरे ने कहा कि मंडी को शुरू हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन किसानों की उपज की गुणवत्ता जांचने के संसाधन आज तक नहीं लगाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि मंडी में चौकीदार मौजूद होने के बावजूद फसलों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा।
किसानों ने विधायक को बताया कि मंडी सचिव हरे सिंह सोलंकी और एसडीएम दीक्षा भमोरे की लापरवाही के चलते मंडी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
किसानों की उपज 15 दिनों से मंडी में पड़ी, व्यापारियों की मनमानी
किसानों ने विधायक को बताया कि पिछले 15 दिनों से उनकी मक्का की फसल मंडी में पड़ी हुई है, लेकिन व्यापारी वर्ग बाहर से अनाज खरीद रहा है और स्थानीय किसानों की उपज को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है।
इस स्थिति से किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देश पर जांच शुरू
निरीक्षण के बाद विधायक छाया मोरे ने स्थिति की जानकारी खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता को दी।
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर अरविंद चौहान ने पंधाना कृषि मंडी का निरीक्षण किया और मौके पर मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि
निरीक्षण के समय मंडी परिसर में कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मंडल अध्यक्ष फकीरचंद कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जगधन्ने, महामंत्री बंटी दादा, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, चुन्नीलाल माणिकचंदानी एवं जगदीश एकले शामिल थे।
विधायक का संदेश
विधायक छाया मोरे ने कहा —
“किसानों के अधिकार और सम्मान की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
हीरालाल लोंगरे, संपादक
ग्राम तक न्यूज, खंडवा
📞 संपर्क: 9301488500 | 9926603992
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें