गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025

पटाजन व राई खुटवाल के ग्रामीणों ने श्रमदान कर बनाया ‘बोरी बंधान‘

खंडवा- कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को वर्षा ऋतु की समाप्ति के साथ ही अपने क्षेत्र के नदी नालों में बहते पानी को रोकने के उद्देश्य से बोरी बंधान संरचनाएं बनवाने के निर्देश दिए हैं। बोरी बंधान के कारण रुके हुए पानी से आसपास के जल स्रोतों में पानी का स्तर बढ़ेगा। 
इसी क्रम में म.प्र. जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था उदय एकता सामाजिक विकास संस्था द्वारा ग्राम राई ख़ुटवाल के पास बढ़खलिया नाले के पास ग्रामवासियों के सहयोग से नाले पर 50 बोरियों से पानी को रोक कर बोरीबंधान बनाया गया। जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने बताया कि ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां नवांकुर संस्थाएं अपने गांव के छोटे छोटे नालों पर बोरी बंधान बनाकर जल संरक्षण का कार्य रही हैं। राई ख़ुटवाल में श्रमदान कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री जगदीश पटेल, विकासखंड समन्वयक श्री राजकुमार मालाकार, संस्था प्रमुख श्री रामकुमार वर्मा, श्री निपट फूलमाली, अजय राठौर पूर्व सरपंच राकेश कोटवार, सोनेलाल, गौरीशंकर, आशीष चौहान, कुणाल चौहान और ग्रामवासी उपस्थित थे।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री पटेल ने बताया कि विकासखंड खालवा के रोशनी सेक्टर अंतर्गत ग्राम पटाजन में नवांकुर संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं तथा परामर्शदाताओं व स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर ग्राम पटाजन के समीप नाले पर 150 बोरियों का बोरी बंधान बनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्री दिनेश इरपचे, सहायक सचिव श्री रामदीन इवने, विकासखंड समन्वयक श्री ललित पवार, परामर्शदाता श्री मोहन रोकड़े, श्री तीरथ सिंह देवड़ा, श्री नेपाल सिंह पवार, श्री राजकुमार मालाकार, ग्रामीणजन एवं पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें