मंगलवार, 2 मार्च 2021

विकासपुरूष चौहान की जीवटता रंग लाई, मरणोपरांत भी क्षेत्र को दिला गए विकास की सौगात,बजट में मिला बायपास



खंडवा- प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार को जारी बजट खंडवा के लिए सौगात लेकर आया। यातायात के लिए लगातार शहर से उठ रही बायपास की मांग को पूरा करते हुए बायपास निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बजट स्वीकृत किया गया। बायपास निर्माण के लिए बजट में 23.5 किमी रोड़ के लिए 107 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।  हालाकि मंगलवार के दिन क्षेत्र के विकास पुरूष के नाम से पहचाने जाने वाले सांसद नंदकुमारसिंह चौहान का दुख:द निधन हो गया। लेकिन जाते-जाते भी वे क्षेत्र के विकास के लिए बायपास की अनूठी सौगात दे गए। भाजपा प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि स्व.नंदू भैय्या ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री चौहान से  जो भी मांगा वह उन्हे क्षेत्र के विकास के लिए दिया,फिर चाहे वह 500 करोड़ का मेडिकल कॉलेज हो या पूरे निमाड़ को हरित करने के लिए अरबों रूपए की उद्वहन सिंचाई योजना हो। केंद्रीय विद्यालय के साथ ही संगीत विद्यालय और तीन पुलिया पर तीन भुजाओं का पुल निर्माण हो चाहे किशोर समाधि या किशोर स्मारक के निर्माण का मामला हो उनके कार्यकाल की विशेष उपलब्ध्यिां रही। बीमार अवस्था में भी वे अपने संसदीय क्षेत्र के लिए लगातार प्रयत्नशील रहे जिसका ही परिणाम है कि मंगलवार को जारी बजट में सांसद नंदकुमारसिंह चौहान एवं खंडवा के सक्रिय विधायक देवेन्द्र वर्मा के प्रयासों से प्रदेश के वित्तमंत्री द्वारा खंडवा में बायपास के लिए बजट पारित कर क्षेत्रवासियों की सौंगात दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें