खंडवा- वट पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर के महावीर बाग, हनुमान नगर स्थित श्री लवकुशेश्वर महादेव–महावीर हनुमान मंदिर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का मनोहारी संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने मंदिर परिसर में पहुंचकर विधि-विधान से वट वृक्ष का पूजन किया तथा अपने परिवार के सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना की।
मंदिर परिसर में हाल ही में निर्मित वट वृक्ष के चबूतरे के आसपास महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चना की। वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए रक्षा सूत्र बांधे और भगवान से अखंड सौभाग्य एवं सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मांगा। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला।
मंदिर से जुड़े मुदित जेटली ने बताया कि वट पूर्णिमा के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्वान पंडित कपिल चन्द्रे ने वट पूर्णिमा की महिमा, धार्मिक महत्व तथा सनातन परंपरा में वट वृक्ष के आध्यात्मिक स्वरूप पर आधारित विशेष कथा का वाचन किया। उपस्थित महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कथा के समापन के पश्चात भगवान श्री लवकुशेश्वर महादेव का विशेष पूजन-अभिषेक कर प्रसादी अर्पित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव एवं श्री हनुमान जी के दर्शन कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति के अनुसार ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें