सोमवार, 1 जून 2026

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर खंडवा पुलिस सक्रिय, आधुनिक तकनीक और भीड़ प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण शुरू

खंडवा- आगामी सिंहस्थ 2028 महापर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने की दिशा में खंडवा पुलिस ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम, खंडवा में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अगम जैन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर की उपस्थिति में हुआ। प्रथम बैच में जिले के 60 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया। यह प्रशिक्षण अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर लेते।

पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रत्येक जिले से चयनित मास्टर ट्रेनर्स को पूर्व में राज्य स्तर पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। अब यही प्रशिक्षक जिला स्तर पर पुलिस बल को प्रशिक्षित कर रहे हैं, ताकि सिंहस्थ के दौरान ड्यूटी पर तैनात होने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को आवश्यक ज्ञान एवं व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को भीड़ प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों, यातायात संचालन की रणनीतियों तथा आकस्मिक सेवाओं के समन्वय संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। विशेष रूप से प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आपदा या आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा प्रशिक्षण में ड्रोन तकनीक, सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल कमांड सिस्टम, अस्थायी थानों की कार्यप्रणाली, खोया-पाया केंद्रों के संचालन तथा आधुनिक निगरानी व्यवस्था के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों को यह भी बताया जाएगा कि विशाल धार्मिक आयोजनों में तकनीक का प्रभावी उपयोग किस प्रकार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना सकता है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासनिक और सुरक्षा प्रबंधन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा प्राप्त ज्ञान को व्यवहारिक रूप में लागू करने का आह्वान किया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने कहा कि प्रशिक्षित पुलिस बल ही किसी बड़े आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

खंडवा पुलिस का यह प्रशिक्षण अभियान भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को अधिक दक्ष, तकनीक-सक्षम और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Featured Post

जनसुनवाई में महिलाओं ने लगाई रोक की गुहार, मैदान में सिर्फ छोटी कार्रवाई! आखिर खंडवा को नशे के जाल से कब मिलेगी मुक्ति?

खंडवा-  जिले में शराब के बढ़ते दुष्प्रभावों को लेकर ग्रामीण अंचलों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में ग्राम पंचायत हा...