खंडवा- जिले में वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन और वन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए गुड़ी रेंज के ग्राम आमाखुजरी में 105 हेक्टेयर वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस कार्रवाई का स्वयं कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वन भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की। अभियान के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
निरीक्षण के दौरान वनमंडल अधिकारी श्री राकेश डामोर भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि लगभग तीन दर्जन जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरे अतिक्रमित क्षेत्र को मुक्त कराया गया। इसके साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना को रोकने के लिए क्षेत्र में 9 हजार बड़े आकार के कंटूर ट्रेंच (गड्ढे) तैयार किए गए हैं।
वन अधिकारियों के अनुसार कंटूर ट्रेंच न केवल अतिक्रमण रोकने में प्रभावी होंगे, बल्कि वर्षा जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा वन क्षेत्र के प्राकृतिक पुनर्जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा के संवर्धन को भी मजबूती मिलेगी।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने कार्रवाई में शामिल वन विभाग, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि एवं वन संपदा की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण न करें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा वन विभाग को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें