खंडवा- विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय, खंडवा द्वारा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ सिविल सर्जन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान तंबाकू सेवन के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
रैली जिला चिकित्सालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई घंटाघर चौक पहुंची, जहां मजदूर वर्ग एवं आमजन को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। तंबाकू से दूर रहकर न केवल व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ रख सकता है, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित बना सकता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे तंबाकू एवं अन्य नशे की आदतों को छोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर आरएमओ, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सकगण, नर्सिंग ऑफिसर, पैरामेडिकल स्टाफ एवं जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित यह जागरूकता अभियान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें