बैठक में उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बायपास पुल की खराब स्थिति के कारण भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर के मार्गों पर बढ़ गया है, जिससे रोजाना जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैवाहिक सीजन के चलते रात के समय भी यातायात का दबाव बढ़ गया है, ऐसे में बायपास मार्ग का सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पुल सुधार के साथ-साथ बायपास रोड के चौड़ीकरण कार्य को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नियमित रूप से चालानी कार्यवाही जारी रखी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि सड़कों पर अनावश्यक अतिक्रमण और अव्यवस्था को रोका जा सके। इसके साथ ही ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए, जिससे यातायात सुगम बन सके।
महानगरों की तर्ज पर विकसित होगी यातायात प्रणाली
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकसित हो रहा शहर है और आने वाले समय में इसकी जनसंख्या और वाहनों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी। ऐसे में आवश्यक है कि वर्तमान से ही शहर की यातायात व्यवस्था को महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक समग्र और व्यवहारिक ‘रोडमैप’ तैयार किया जाए, जिसमें रिंग रोड, बायपास, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और ट्रैफिक प्रबंधन के सभी पहलुओं को शामिल किया जाए।
उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को ‘फील्ड’ में सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर समस्याओं का निरीक्षण करें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। जनता को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रीवा संभाग में तेज रफ्तार से होंगे बुनियादी ढांचे के कार्य
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रीवा संभाग मध्यप्रदेश का पहला ऐसा संभाग बनने जा रहा है, जहां रिंग रोड सहित अन्य प्रमुख आधारभूत संरचना के कार्य रिकॉर्ड समय में पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों में संतुलन बनाए रखना आवश्यक है, ताकि जनता को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, एडीएम सपना त्रिपाठी, उप मुख्यमंत्री के सहयोगी राजीव पांडेय सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें