उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सीधी–सिंगरौली हाईवे और ललितपुर–सिंगरौली रेलवे परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र में एक नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होगा। सिंगरौली तक रेलवे लाइन के जुड़ जाने से विन्ध्य क्षेत्र का पूर्वोत्तर राज्यों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन संभव होगा। इससे आवागमन में सुविधा, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वर्ष 2028 तक सीधी से सिंगरौली तथा पन्ना से खजुराहो तक रेलवे लाइन निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही अप्रैल 2026 तक रीवा से सीधी स्टेशन तक का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे रेवांचल एक्सप्रेस का सीधी तक विस्तार किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे परियोजनाओं के पूरा होने से विन्ध्य और बुंदेलखण्ड के आर्थिक विकास में तेजी आएगी। उन्होंने रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि सीधी एवं सिंगरौली कलेक्ट्रेट में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली टीएल बैठक में रेलवे अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। कलेक्टरों को हर सप्ताह परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्पष्ट कहा कि भू-अर्जन कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो तथा किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी ढंग से भू-अर्जन किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि सीधी से गजरही तक भू-अर्जन का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि गजरही से गोपद नदी तथा सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। इन कार्यों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और भू-अर्जन पूर्ण होते ही निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भू-अर्जन के बाद किसी प्रकार के पूरक प्रस्ताव की आवश्यकता न पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक सीधी रेलवे लाइन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से निर्माण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। गोपद नदी से सिंगरौली तक भू-अर्जन की प्रक्रिया जारी है तथा सिंगरौली तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य दिसंबर 2028 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
महाप्रबंधक ने बताया कि सतना से पन्ना जिले के सकरिया तक मार्च माह तक रेलवे लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाएगा। पन्ना से अजयगढ़ तथा अजयगढ़ से खजुराहो तक रेलवे लाइन बिछाने में लगभग 18 महीने का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में फिलहाल वन विभाग से कार्य की अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही यह भी जानकारी दी कि पश्चिम मध्य रेलवे जोन को वर्ष 2024–25 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोविंद वल्लभ पंत शील्ड से सम्मानित किया गया है।
बैठक में सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्र, कमिश्नर श्री बी.एस. जामोद, कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल, कलेक्टर सीधी श्री स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल, पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री एम.एस. हाशमी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में परियोजना की सेक्शनवार प्रगति की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें