खंडवा- उप पुलिस महानिरीक्षक खंडवा एवं पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम, खंडवा में वर्ष 2026 की पहली जिला स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में लंबित अपराधों की समीक्षा, अपराध नियंत्रण की रणनीति तय करना तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
इस समीक्षा बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारणेकर, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल सिंह चौहान, एसडीओपी मूँदी श्री मनोहर गवली, एसडीओपी हरसूद श्री लोकेश सिंह ठाकुर तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल कुमार राय सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी शामिल हुए।
लंबित अपराधों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय ने बैठक के दौरान जिले में दर्ज लंबित अपराध, चालान एवं मर्ग प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वर्षांत से पूर्व लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही थानों के मालखानों में रखे जप्ती माल एवं वाहनों के समयसीमा में निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने समंस की शत-प्रतिशत तामिली तथा गिरफ्तारी वारंट की 90 प्रतिशत से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों में तकनीकी एवं पारंपरिक पतारसी को बढ़ावा देकर माल मशरुका की अधिकतम बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
न्यायालयीन प्रकरणों और खात्मा-खारजी पर फोकस
बैठक में जप्तशुदा वाहनों, जप्ती माल एवं लंबित खात्मा-खारजी प्रकरणों के शीघ्र न्यायालयीन निराकरण पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि संबंधित प्रकरणों में न्यायालय के साथ समन्वय बनाकर समयसीमा में कार्यवाही पूर्ण की जाए, जिससे अनावश्यक लंबितता समाप्त हो सके।
संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक खंडवा ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित सायंकालीन पैदल भ्रमण करने तथा गुंडे, बदमाश एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लंबित शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान
समीक्षा बैठक के उपरांत पुलिस कंट्रोल रूम, खंडवा में विगत माह थाना एवं कार्यालयीन स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 38 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय द्वारा पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित अधिकारियों में थाना प्रभारी मोघट रोड निरीक्षक धीरेश धारवाल को उत्कृष्ट थाना प्रबंधन, थाना प्रभारी पिपलोद निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ पाण्डेय को गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई एवं निराकरण, थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर को अज्ञात हत्या प्रकरण के सफल निराकरण तथा थाना प्रभारी खालवा निरीक्षक जगदीश सिंदिया को लूट प्रकरण में अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ एवं गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी उनके सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरणा
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाते हैं तथा जिले में बेहतर, संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह रहते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें