खंडवा- खंडवा नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को आधुनिक एवं नागरिक-सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में निर्मित हो रहे नवीन नगर निगम भवन का आज महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत, श्री अमर यादव, कार्यपालन यंत्री श्री राधेश्याम उपाध्याय, पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री सुनील जैन, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे, उपयंत्री श्री भारत सुरजाये, ठेकेदार श्री दीपेश राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में, मार्च 2026 तक पूर्णता का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि नवीन नगर निगम भवन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में भवन की चौथी मंजिल पर अंतिम चरण के कार्य प्रगति पर हैं। मार्च 2026 तक समस्त निर्माण कार्य पूर्ण कर नगर निगम के समस्त विभागों एवं स्टाफ को चरणबद्ध रूप से नए भवन में स्थानांतरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निर्धारित समय-सीमा से पहले होगा भवन पूर्ण
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव एवं कार्यपालन यंत्री श्री राधेश्याम उपाध्याय ने बताया कि इस भवन को अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया था, किंतु निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के कारण फरवरी–मार्च 2026 तक ही भवन पूर्ण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भवन की बेहतर वेंटिलेशन व्यवस्था की जनप्रतिनिधियों द्वारा विशेष सराहना की गई।
नवीन भवन की प्रमुख विशेषताएं
नवीन नगर निगम भवन जी+4 संरचना में निर्मित किया जा रहा है। भवन में कुल 88 कक्ष एवं 22 काउंटर प्रस्तावित हैं। प्रत्येक मंजिल का क्षेत्रफल लगभग 15,000 वर्गफुट है, जिससे नागरिकों को एक ही परिसर में सुव्यवस्थित एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
लेआउट सुधार, कॉन्फ्रेंस हॉल विस्तार एवं सौर ऊर्जा पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा कॉन्फ्रेंस रूम की क्षमता बढ़ाने तथा भवन के आंतरिक लेआउट में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भवन की दीर्घकालीन उपयोगिता और ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए रूफटॉप सोलर पैनल स्थापना को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
फर्नीचर एवं कक्ष आवंटन की तैयारी के निर्देश
आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान में उपलब्ध फर्नीचर की सूची एवं अधिकारियों-कर्मचारियों का विवरण शीघ्र तैयार किया जाए, ताकि आवश्यक फर्नीचर की मांग एवं कक्ष आवंटन की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से पूर्ण किया जा सके।
नगर निगम के सुदृढ़ प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम
नवीन नगर निगम भवन का निर्माण खंडवा नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सशक्त, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके पूर्ण होने के बाद नागरिकों को बेहतर सेवाएं, सुव्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था और एकीकृत प्रशासनिक ढांचा एक ही परिसर में उपलब्ध होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें