शुक्रवार, 2 जनवरी 2026

एम.पी. ट्रांसको ने वर्ष 2025 में ऊर्जा पारेषण क्षेत्र में रचे नए कीर्तिमान | ड्रोन पेट्रोलिंग से लेकर रिकॉर्ड विद्युत मांग प्रबंधन तक, मध्यप्रदेश बना अग्रणी राज्य

जबलपुर- मध्यप्रदेश ने वर्ष 2025 में ऊर्जा पारेषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। एम.पी. पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (एम.पी. ट्रांसको) ने अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, नेटवर्क विस्तार, तकनीकी नवाचार और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति के माध्यम से कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि एम.पी. ट्रांसको का यह प्रदर्शन राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

ड्रोन पेट्रोलिंग से बढ़ी ट्रांसमिशन नेटवर्क की सुरक्षा और निगरानी

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि 220 के.व्ही. ट्रांसमिशन लाइनों में ड्रोन पेट्रोलिंग की सफल शुरुआत के बाद अब प्रदेश में 400 के.व्ही. एवं 132 के.व्ही. की लाइनों के लगभग 23,000 ट्रांसमिशन टावरों की ड्रोन पेट्रोलिंग की जा रही है। इस पहल से ट्रांसमिशन लाइनों की समय पर जांच, संभावित तकनीकी खामियों की पहचान और त्वरित सुधार संभव हो सका है। मध्यप्रदेश इस आधुनिक तकनीक को बड़े स्तर पर अपनाने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

ट्रांसफार्मेशन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि

वर्ष 2025 में एम.पी. ट्रांसको ने अपने ट्रांसमिशन नेटवर्क में 2211 एम.व्ही.ए. की अतिरिक्त ट्रांसफार्मेशन क्षमता जोड़ी। इसके साथ ही प्रदेश की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 82,985 एम.व्ही.ए. हो गई है। इस अवधि में 33 नए पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किए गए, जिससे प्रदेश में कार्यरत पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या 1036 हो गई है। यह विस्तार बढ़ती विद्युत मांग को सुरक्षित और निर्बाध रूप से पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

ट्रांसमिशन लाइनों का व्यापक विस्तार

एम.पी. ट्रांसको द्वारा वर्ष 2025 में 724 सर्किट किलोमीटर नई ट्रांसमिशन लाइनों का निर्माण कर उन्हें ऊर्जीकृत किया गया। अब प्रदेश में ट्रांसमिशन लाइनों की कुल लंबाई बढ़कर 42,857 सर्किट किलोमीटर हो गई है। यह नेटवर्क प्रदेश के 417 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से राज्य के शहरी, ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों तक विद्युत पारेषण सुनिश्चित कर रहा है।

रिकॉर्ड 19,849 मेगावाट विद्युत मांग का सफल प्रबंधन

वर्ष 2025 में एम.पी. ट्रांसको के सिस्टम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 31 दिसंबर 2025 को प्रदेश में दर्ज हुई 19,849 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक विद्युत मांग को बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक हैंडल किया। यह उपलब्धि कंपनी की मजबूत ट्रांसमिशन क्षमता, उन्नत तकनीकी व्यवस्था और कुशल मानव संसाधन का प्रमाण है।

नई और स्वदेशी तकनीकों का समावेश

एम.पी. ट्रांसको ने अपने ट्रांसमिशन सिस्टम में आधुनिक एवं स्वदेशी तकनीकों को प्राथमिकता दी है। कंपनी मुख्यालय जबलपुर में स्वदेशी तकनीक से निर्मित उन्नत स्काडा सिस्टम को अपग्रेड किया गया है, जिससे रियल-टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित निर्णय संभव हो सके हैं। इसके अतिरिक्त इंदौर मेट्रो परियोजना के लिए विशेष कम्पोजिट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण किया गया है। प्रदेश के तीन पुराने 132 के.व्ही. सबस्टेशनों को रिमोट ऑपरेशन पर लाने के कार्य का प्रथम चरण भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ा प्रदेश का गौरव

विद्युत ट्रांसमिशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एम.पी. ट्रांसको को दिसंबर 2025 में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘पावर लाइन ट्रांसटेक इंडिया अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वेस्टर्न रीजन में सबसे कम ट्रांसमिशन लॉस दर्ज करने के लिए प्रदान किया गया, जिससे मध्यप्रदेश की ऊर्जा प्रबंधन क्षमता को राष्ट्रीय पहचान मिली।

प्रोटेक्शन सेल का पूर्ण डिजिटलीकरण

भारत सरकार के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप एम.पी. ट्रांसको का प्रोटेक्शन सेल अब 100 प्रतिशत डिजिटल हो चुका है। यह सेल प्रदेश की 42,857 सर्किट किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइनों, 417 एक्स्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशनों और 1000 से अधिक पावर ट्रांसफार्मरों की चौबीसों घंटे निगरानी एवं सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। इससे विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

भविष्य की ओर सशक्त कदम

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि एम.पी. ट्रांसको की ये उपलब्धियां प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करती हैं। आने वाले वर्षों में अत्याधुनिक तकनीकों, डिजिटल समाधानों और सुदृढ़ अधोसंरचना के माध्यम से मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी ऊर्जा राज्यों में स्थापित करने का लक्ष्य है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें