खंडवा- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आज 8 दिसंबर को प्रत्येक गांव में विशेष ग्राम सभा तथा नगरीय क्षेत्रों में वार्ड सभा का सफल आयोजन किया गया। इन सभाओं का उद्देश्य मतदाता सूची में किए जा रहे पुनरीक्षण कार्य की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाना और उनसे प्राप्त सुझावों को सम्मिलित करना था।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि विशेष ग्राम सभा और वार्ड सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभाओं के दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन या विलोपन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई तथा उपस्थित लोगों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा जारी निर्देशों के तहत जिले के सभी एसडीएम ने अपने-अपने विकासखंड के प्रत्येक गांव में आज सुबह 11 बजे से विशेष ग्राम सभा का आयोजन करवाया। इसी क्रम में हरसूद एसडीएम श्री आर.सी. खतेड़िया ने आज ग्राम पंचायत लंगोटी में आयोजित विशेष ग्राम सभा का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा नागरिकों की सहभागिता की सराहना की।
नगरीय क्षेत्रों में सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों ने अपने-अपने वार्ड में वार्ड सभाओं का आयोजन सुनिश्चित किया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन या विलोपन के लिए अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2025 निर्धारित है। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया का लाभ ले सकें।
आज आयोजित विशेष ग्राम सभा और वार्ड सभा में नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे अभियान को और अधिक गति मिली है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें