शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025

राष्ट्रीय एकता दौड़ को उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दिखाई हरी झंडी, सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया गया

भोपाल- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन प्रदेशभर में बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। राजधानी भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय एकता दौड़ का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया गया। इस एकता दौड़ का उद्देश्य देश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा की भावना को सशक्त बनाना तथा नागरिकों में देशभक्ति का संदेश फैलाना रहा।

अटल पार्क तक निकाली गई एकता दौड़

यह दौड़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अटल पार्क तक निकाली गई। पूरे मार्ग में युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों और नागरिकों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में हुए शामिल

कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कमिश्नर बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

राष्ट्रीय एकता की शपथ और खिलाड़ियों का सम्मान

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें यह सिखाता है कि जब देशहित सर्वोपरि हो, तो सभी भेदभाव और मतभेद समाप्त हो जाते हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित हों।

कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में अभ्यासरत खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और चयन पर सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और देश के गौरव के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर दौड़ी युवा शक्ति

राष्ट्रीय एकता दौड़ में शामिल युवा, अधिकारी और नागरिक सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए एकजुटता का संदेश देते दिखाई दिए। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, उत्साह और एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सरदार पटेल के विचारों को जीवंत करता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब देश के नागरिक एकजुट होते हैं, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें