शुक्रवार, 1 अगस्त 2025

सांसद श्री पाटिल ने हरी झंडी दिखाकर शव वाहन की सुविधा का शुभारंभ किया

खंडवा- सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मृत्यु होने पर अब उनके परिजनों को मृतक के शव को अस्पताल से ले जाने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने सभी जिला अस्पतालों में दो_दो शव वाहन उपलब्ध कराए हैं तथा मेडिकल कॉलेज से संलग्न अस्पतालों को दो अतिरिक्त शव वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सुबह आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक श्रीमति कंचन मुकेश तन्वे ने हरी झंडी दिखाकर निःशुल्क शव परिवहन सेवा का शुभारंभ किया। 
       सांसद श्री पाटिल ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरकारी अस्पतालों में उपचार के दौरान रोगी की मृत्यु होने पर उसके शव को निवास स्थान या श्मशान घाट ले जाने के लिए यह योजना प्रारंभ की है। निशुल्क शव वाहन की सुविधा मिलने से मृतकों के परिजनों की परेशानी कम होगी।    
       खण्डवा विधायक श्रीमति तनवे ने इस अवसर पर मृतको के परिजनों की सुविधा के लिए पोस्टमार्टम कक्ष के पास प्रतीक्षालय के रूप में टीनशेड के निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इस दौरान कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉॅ. नागार्जुन बी. गोड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी मौजूद थे।    
        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ. पी. जुगतावत ने इस अवसर पर बताया कि योजना के अंतर्गत शव वाहन द्वारा शासकीय अस्पताल से मृतक के निवास स्थल या श्मशान घाट तक शव के निःशुल्क परिवहन हेतु शव वाहन का संचालन केवल जिले की सीमा के अंदर ही किया जायेगा। जिला अस्पताल के अतिरिक्त अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्था सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हुई संस्थागत मृत्यु के प्रकरण में मृतक के परिवहन हेतु सम्बंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा आवश्यकतानुसार जिला चिकित्सालय एवं शासकीय चिकित्सा महाविधालय से संपर्क कर शव वाहन उपलब्ध कराया जा सकेगा। ये शव वाहन 24×7 संचालित होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें