उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने 24 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
भोपाल: उप मुख्यमंत्री और सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सागर में वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण करते हुए 80 करोड़ रुपये की लागत से टाटा अस्पताल, मुंबई की तर्ज पर आधुनिक कैंसर अस्पताल की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अगले माह इसका भूमिपूजन किया जाएगा। अस्पताल में सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को अब दिल्ली, भोपाल या मुंबई जाने की आवश्यकता नहीं होगी
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार भवन के लिए पैसा दे सकती है, लेकिन उसमें आत्मा डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ही डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर समाज में सर्वोपरि स्थान रखते हैं, वे समाज का दिल जीतें और मरीजों को समय पर उपयुक्त इलाज उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भावस्था के पहले माह से ही परीक्षण शुरू हो, इसके लिए आशा कार्यकर्ता, एएनएम और मेडिकल अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा टेलीमेडिसिन सेवा को और बेहतर करने के लिए डॉक्टरों को प्रति परीक्षण 50 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही प्रदेश में 30,000 से अधिक डॉक्टर, मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जिला चिकित्सालय सागर परिसर में 100 बिस्तरों वाले नवीन महिला एवं शिशु रोग विभाग तथा एकीकृत पब्लिक हेल्थ लैब का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी किया।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि डॉक्टर भगवान का स्वरूप होते हैं, वे इस उपाधि को बनाए रखें और जनमानस को सर्वोत्तम स्वास्थ्य लाभ दें। उन्होंने कहा कि सागर को सुंदर, स्वस्थ संभाग एवं बुंदेलखंड बनाने के लिए मध्य प्रदेश की सरकार लगातार वचनबद्ध है और इस प्रकार हो रहा है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सागर को स्वास्थ्य का हब बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जिसके माध्यम से अच्छी से अच्छी स्वास्थ सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल माता बहनों एवं शिशुओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी और यह अस्पताल नारी सशक्तिकरण के लिए एक उदाहरण होगी उन्होंने कहा कि मानव जीवन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है इसे बचा कर रखें।
विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि आज का यह लोकार्पण माताओं, बहनों और शिशुओं के लिए हैं इससे मातृ व शिशु मृत्यु दर अवश्य कम होगी और उनका समय पर उपचार मिल सकेगा।उन्होंने कहा कि सागर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा अगली माह कैंसर अस्पताल की सौगात दी जा रही है वह यह सागर के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी और अच्छी से अच्छा इलाज पर हो सकेगा। महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, कलेक्टर श्री संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक श्री विकास सहवाल, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीना गिडियन, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत, डॉ. पी.एस. ठाकुर सहित जनप्रतिनिधिगण एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें