खंडवा- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एसपी सिंह की अध्यक्षता एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ संजय इंगले के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए प्राचार्य डॉ सिंह ने विद्यार्थियों को कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम यह शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जो उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वैलनेसके माध्यम से महाविद्यालय के विद्यार्थियों हेतु चलाई जा रही है। आज वर्तमान समय में विद्यार्थी को शारीरिक समस्याओं के साथ-साथ कई मानसिक समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी अपने घरों से दूर रहकर शिक्षा अर्जित कर रहे हैं, जिससे उनमें अकेलापन, तनाव एवं नशे के प्रति झुकाव जैसी कई समस्याएं प्रभावित कर रही हैं। उनकी मनःस्थिति को समझना और उन्हें तनाव अकेलेपन से दूर करने के लिए क्या प्रयास किया जा सकते हैं? इस हेतु आज का यह मानसिक स्वास्थ्य शिविर उनके लिए अत्यंत उपयोगी होगा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ संजय इंगले ने कहा कि आज का युवा जिस प्रकार नशे के प्रति आकर्षित हो रहा है। वह आने वाले समय के लिए देश के लिए अत्यंत नुकसानदायक है। आज बड़ी-बड़ी कंपनियों का प्रचार हमारे युवाओं को सबसे ज्यादा टारगेट करके अपना बिजनेस कर रहे हैं और मुनाफा कमा रहे हैं।
आज ऐसे ऐसे फूड प्रोडक्ट मार्केट में है जिससे हमारे युवाओं की जीवन शैली एवं दिनचर्या में बदलाव आ गया है। आज का युवा मोबाइल में लगातार रील देख रहा है, जिससे वह ना समय पर भोजन करता है, ना समय पर सोता है, जिससे उसके जीवन शैली में बदलाव आ गया है। आज तनाव हर युवा में दिखाई दे रहा है। गुस्सा, चिड़चिड़ापन, अपने पर नियंत्रण न होना, ब्लड प्रेशर हाई होना, यह अब युवाओं में भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है। आज मोबाइल में लगातार रील देखना भी एक नशे जैसा ही हो गया है। कोई भी कंपनी अपने विज्ञापन में स्वस्थ भोजन, अच्छे खाद्य पदार्थों की आदतों के बारे में नहीं बताती। हमें अपने जीवन शैली में बदलाव करते हुए नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम को प्राथमिकता देनी होगी। समय पर भोजन और समय पर नींद तभी हम स्वस्थ रह पाएंगे अन्यथा कम उम्र में ही हम शारीरिक एवं मानसिक रूप से कई बीमारियों के शिकार हो जाएंगे। अतः अपने परिवार माता-पिता के साथ समय बताएं। साथ में भोजन करें। रात्रि में मोबाइल को अपने से दूर रखें, जिससे कि पर्याप्त नींद ले सकें। यदि किसी को कोई मानसिक समस्या है तो वह 14416 पर कॉल कर सकता है या जिला चिकित्सालय में आकर मुझसे संपर्क कर सकता है। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ गणेश प्रसाद दावरे, कार्यक्रम के नोडल अमित कुमार अब्राहम, एनसीसी अधिकारी डॉ एस एस डावर, एनएसएस प्रभारी डॉ आशुतोष तिवारी, प्रो कुलदीप रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ मीनाक्षी मंडलोई ने किया तथा आभार प्रो महेश भाबोर ने व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें