नागरिक आपूर्ति निगम, सेंट्रल वेयर हाउस के अफसर-कर्मचारियाें की भी हाेगी जांच
खंडवा- सरकारी अनाज की अफरातफरी करने वाले आरोपी अनाज माफिया असलम पिता हाजी कासम चौहान (42) निवासी गुलमाेहर कॉलोनी के खिलाफ कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3(3) के तहत रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाई है।
आरोपी और उसके भतीजे शहबाज व अरबाज चौहान द्वारा लॉकडाउन के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली का गेहूं, चावल सहित अन्य राशन परिवहन के माध्यम से उचित मूल्य दुकानों पहुंचाने की बजाय हेराफेरी करते हुए कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। असलम और उसके परिजन पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। 2017 में आरोपी को पंधाना के बोरगांव क्षेत्र में गिरफ्तार किया। शनिवार को कलेक्टर के आदेशानुसार आरोपी को लॉकडाउन के चलते खंडवा जेल में वर्ग सी में रखा जाएगा। क्वारेंटाइन अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को सेंट्रल जेल भेजा जाएगा। असलम व उसके भतीजों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक अतुल कुमार गीते की शिकायत पर धारा 406, 420 के अलावा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, धारा 53 आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
ब्लैक लिस्टेड हुआ तो ठेका चाचा को देने की तैयारी
असलम का भतीजा अरबाज अब तक फरार है। आरोपी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। पीडीएस का ठेका आरोपी अरबाज के चाचा आजम चौहान को देने की तैयारी चल रही है। क्योंकि टेंडर में दूसरा नाम आजम चौहान का है। आजम ने राजहंस ट्रांसपोर्ट फर्जी तरीके से बनाया है। जिसमें टेंडर डालने से पहले नियम होता है कि आपके ऊपर आपराधिक प्रकरण दर्ज है या नहीं है। आजम पर एक दर्जन प्रकरण दर्ज है, जबकि उसने टेंडर की शर्त पर 100 के स्टाम्प पर लिखकर दिया कि मेरे ऊपर एक भी प्रकरण दर्ज नहीं है। टेंडर की कॉपी के दस्तावेज इंदौर मुख्यालय में जमा है। आरोपी के टेंडर दस्तावेज के अनुसार एक और प्रकरण दर्ज होना चाहिए।
आटा व मैदा मिलाें में गरीबाें का राशन खपाता था असलम, खरीदने वाले व्यापारियाें पर भी दर्ज हाेगा केस
एसपी ने कहा- पुलिस को मिले हैं इस संबंध में सबूत, जांच कर रहे हैं
गरीबाें के राशन की हेराफेरी कर कालाबाजारी करने वाला असलम चाेरी का राशन खंडवा, बुरहानपुर, खरगाेन व बड़वानी की मिलाें में खपाता था। विभाग के अफसराें से साठगांठ व मिल मालिकाें द्वारा चाेरी का राशन खरीदने की जानकारी पुलिस काे मिली है। पुलिस ने अब चाेरी का राशन खरीदने वाले मिल मालिकाें के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी कर ली है। जांच में खाद्य अापूर्ति, नागरिक आपूर्ति निगम व सेंट्रल वेयर हाउस के कर्मचारी-अफसर भी दाेषी पाए गए ताे पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।
एसपी डाॅ. शिवदयाल सिंह ने बताया गरीबाें के राशन की कालाबाजारी करने वाले असलम के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब असलम के साथ साठगांठ कर कालाबाजारी करने वाले, चाेरी का गेहूं खरीदने वाले व्यापारियाें की भी तलाश कर रही है। एसपी सिंह ने बताया असलम द्वारा इंदाैर राेड व पंधाना राेड की कुछ मैदा व आटा मिलाें में गरीबाें काे मिलने वाला गेहूं व चावल बेचे जाने की जानकारी मिली है। एक बड़ा रैकेट है जिसकी मदद से असलम चाेरी का गेहूं, चावल अन्य जिलाें तक भी पहुंचाता है। डीबी के मुताबिक पुलिस काे कुछ सबूत भी मिले हैं जिनके संपर्क में असलम काफी समय से यह काम कर रहा है। पुलिस सबूताें के आधार पर जांच कर रही है। जांच में जाे भी व्यापारी, अधिकारी व कर्मचारी दाेषी पाया जाएगा उसके खिलाफ पुलिस प्रकरण दर्ज करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें