गुरुवार, 25 जून 2020

‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश‘ अभियान के लिए 30 जून तक सुझाव दें



भोपाल- मध्यप्रदेश शासन लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा एमपी इनोवेशन चैलेन्ज पोर्टल पर विचारों के आदान-प्रदान एवं विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए जाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए है। मध्यप्रदेश इनोवेशन पोर्टल पर प्रदेश के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों के संबंध में प्रथम चरण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे है। आत्मनिर्भर भारत की तर्ज पर मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आप सभी के सुझाव 30 जून 2020 तक आमंत्रित है। साथ ही निर्धारित समय सीमा में एमपी इनोवेशन पोर्टल innovation.mp.gov.in पर लॉग इन कर अपने सुझाव अनिवार्य रूप से प्रेषित करने का कष्ट करें। यह सुझाव वर्तमान में क्रियान्वित हो रही किसी योजना के स्वरूप में परिवर्तन के विषय में योजना-कार्यक्रम के क्रियान्वयन की रणनीति में संशोधन के संबंध में अथवा किसी नवीन योजना को प्रारंभ करने के विषय में हो सकते हैं।
इसके अतिरिक्त प्रदेश में उपलब्ध नवीनतम तकनीकों का उपयोग कर लोक सेवाओं के प्रदाय एवं नीतियों के क्रियान्वयन को और बेहतर किस प्रकार बनाया जा सकता है, इस विषय में भी सुझाव प्रदान किए जा सकते हैं। यह आवश्यक नहीं है कि शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी वर्तमान में जिस विभाग में कार्यरत हैं, केवल उसी विभाग से संबंधित सुझाव दे। पोर्टल पर किसी भी विभाग की योजना-नीति के संबंध में विचारों एवं सुझावों का आदान-प्रदान किया जा सकता है। वित्तीय मितव्ययता के साथ अथवा बिना वित्तीय भार के शासकीय सेवाओं का लाभ आम जनता तक किस प्रकार पहुंचाया जा सकता है, इस विषय में भी सुझाव आंमत्रित हैं। पोर्टल पर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन और लोक सेवाओं के प्रभावी प्रदाय तथा अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर सभी क्षेत्रों में अभिनव सुझाव एवं विचार प्रदान किए जा सकते है। इनोवेशन चैलेन्ज प्रथम विषय के रूप में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की थीम का चयन किया गया है।

बिजली बिलों के भुगतान व सुधार हेतु विशेष शिविरों का आयोजन जारी



खण्डवा  - कोरोना महामारी के बचाव के लिए किए गए लॉकडाउन को दृष्टिगत रखते हुये विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ताओं को जारी देयकों विरूद्ध उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए खण्डवा शहर के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किये जा रहे है। शहरी क्षेत्र के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि बिजली उपभोक्ता निर्धारित स्थान पर अपने विद्युत देयक का भुगतान भी कर सकते है। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता अपनी स्वयं की रीडिंग प्रस्तुत कर विद्युत देयक को पुनरक्षित भी करवा सकते है। उन्होंने बताया कि ये शिविर 26 जून को केवलराम पेट्रोल पम्प व सर्वोदय कॉलोनी में, 27 जून को शिवाजी चौक व मोहनलाल स्कूल में, 29 जून को शास्त्री नगर बगीचा व इंदिरा चौक पर तथा 30 जून को स्कॉलरडेन स्कूल व सिविल लाइन उपकेन्द्र पर आयोजित होंगे। 
शहरी क्षेत्र के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि आगामी 1 जुलाई को शिक्षक नगर, गणेश गौशाला पर, 2 जुलाई को रानी दूध डेयरी नागचून रोड, मिट्टी परीक्षण जसवाडी रोड पर, 3 जुलाई को किशोर नगर, पंधाना रोड उपकेन्द्र पर, 6 जुलाई को बड़ाबम चौराहा व गणेश तलाई में, 7 जुलाई को पड़ावा एक्सेस बैंके के सामने, माता चौक पर ये शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा 8 जुलाई को सिंघाड़ तालई माता मंदिर, इंदिरा चौक पर, 9 जुलाई को केवलराम पेट्रोल पम्प, सिविल लाइन उपकेन्द्र पर, 10 जुलाई को स्कॉलरडेन स्कूल, गणेश गौशाला पर, 11 जुलाई को आनंद नगर ग्रेंड लॉज के पास, स्टेडियम के पास, 13 जुलाई को आर्य समाज स्कूल रमा कॉलोनी, पंधाना रोड उपकेन्द्र पर तथा 14 जुलाई को किशोर नगर व मिट्टी परीक्षण जसवाडी रोड पर ये शिविर आयोजित होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर होगी तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता



खण्डवा - सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग तथा श्री दादाजी नशामुक्ति केंद्र धन्वंतरि नगर खंडवा के संयुक्त प्रयासों से 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर ऑनलाइन तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती अनुभा जैन ने बताया कि इस प्रतियोगिता का विषय ‘‘नशा एवं उसके दुष्परिणाम‘‘ हैं। प्रतियोगिता में कक्षा 6वी से 12वी तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थी अपना लगभग 2-3 मिनिट का वीडियो या ऑडियो भाषण तैयार कर 26 जून 2020 तक व्हाट्सएप नम्बर 8109885854 या 8871591260 पर भेज सकते है। 

प्रायवेट स्कूल्स के प्राचार्यो की बैठक में दिए निर्देश



खण्डवा - जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.एल. रघुवंशी ने जिले के सभी प्रायवेट स्कूल्स के प्राचार्यो की बैठक लेकर उन्हें निर्देश दिए कि स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के पालन में विद्यार्थियों से केवल शिक्षण शुल्क ही लिया जायें। बिल्डिंग शुल्क, फर्नीचर शुल्क, कम्प्यूटर शुल्क, स्पोर्ट शुल्क, गणवेश शुल्क आदि विद्यार्थियों से न लिए जायें। श्री रघुवंशी ने प्राचार्यो को बताया कि ऐसे पालक जो लॉकडाउन अवधि में बकाया शुल्क जमा नहीं कर पाए है, उन्हें 30 जून तक शुल्क देने की छूट दी जायें तथा अगले शिक्षा सत्र में कोई शुल्क वृद्धि न की जाये। बैठक में प्राचार्यो को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों से एक मुश्त शुल्क न लेकर कम से कम 4 किश्तों में शुल्क लिया जाये। शुल्क जमा नही कर पाने की स्थिति में किसी विद्यार्थी का शाला से नाम न काटा जायें। साथ ही श्री रघुवंशी ने यह निर्देश भी दिए कि स्कूल के कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन का भुगतान भी किया जाये, लॉकडाउन अवधि में स्कूल स्टॉफ का वेतन न काटा जाये। इस दौरान प्राचार्यो को बताया गया कि कक्षा 1 से 5 तक ऑनलाइन कक्षाओं पर राज्य शासन द्वारा प्रतिबंध लगा दिया गया है तथा कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के ऑनलाइन केवल 2 पीरियड ही लिए जाये। 

तीन कन्टेन्मेंट क्षेत्र डिनोटिफाई किये गये



खण्डवा - कोरोना पॉजिटिव मरीजों के घरों के आसपास के क्षेत्रों को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित कर वहां संक्रमण रोकने के उद्देश्य से आवागमन व अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंधित लगाये जाते है। मरीज के पूर्णतः संक्रमण मुक्त हो जाने पर कन्टेन्मेंट क्षेत्र को डिनोटिफाई किया जाता है। इसी क्रम में अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने खण्डवा शहर के लवकुश नगर, सिंघाड़ तलाई एवं टपालचाल कन्टेन्मेंट क्षेत्र को डिनोटिफाई करने के आदेश जारी किए गए है। 

कोविड वार्ड में योग, व्यायाम व खेल गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं मरीज, मनोरंजन के लिए एलईडी टी.वी. की सुविधा भी हैं आइसोलेशन वार्ड में



खण्डवा- जिला चिकित्सालय के कोविड सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों को स्टॉफ के द्वारा योगा व व्यायाम कराया जा रहा है, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर हो सके। इसके अलावा कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों के मनोरंजन के लिए शतरंज, केरम जैसे खेल की व्यवस्था भी की गई है, साथ ही वार्ड में एलईडी टी.वी. भी मरीजों के मनोरंजन के लिए लगाया गया है। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि इन गतिविधियों के साथ ही वहां भर्ती मरीजों की काउंसलिंग भी प्रशिक्षित काउंसलर द्वारा की जा रही है जिससे उनका मनोबल बढे़ और वे जल्द स्वस्थ हों। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों से नियमित रूप से उनसे बातचीत कर वार्ड की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबेक तथा उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ भी की जाती है। कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों से वार्ड की साफ सफाई, भोजन की गुणवत्ता, चादर, तकिये के कवर आदि समय पर बदलने जैसे विषयों पर फीडबैक लिया जाता है। कोविड वार्ड के मरीजों द्वारा मध्यप्रदेश पर्यटन निगम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की प्रषंसा की जा रही है। 

कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सैयदपुर खैगांव पहुंचकर कन्टेन्मेंट क्षेत्र की व्यवस्थाएं देखीं



खण्डवा  - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने गुरूवार को पंधाना क्षेत्र के ग्राम सैयदपुर खैगांव के कन्टेन्मेंट क्षेत्र का दौरा कर वहां की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित को निर्देशित किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कन्टेमेंट क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों से कहा कि कोरोना पॉजिटिव मरीज केे परिवारजन अपने घरों में ही होम क्वारेंटाइन रहे, यह सुनिश्चित किया जाये। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने इस दौरान सैयदपुर खैगांव के ग्रामीणों से भी चर्चा की तथा उन्हें समझाइश दी कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेसिंग ही एक मात्र कारगर उपाय है, अतः घरों से केवल अत्यावश्यक होने पर ही निकलें, क्योंकि घर से बाहर निकलने पर संक्रमण का खतरा बना रहता है। उन्होंने नागरिकों को बताया कि उनकी सुविधा के लिए अधिकारी कर्मचारियों को कन्टेन्मेंट क्षेत्र में तैनात किया गया है। कोई भी समस्या होने पर या अत्यावश्यक सामग्री की आवश्यकता होने अपने क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों को इसके बारे में बतायें खुद बाहर न निकलें।