मंगलवार, 6 मई 2025

कलेक्टर श्री जैन ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं


हरदा- कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सविता झानिया, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय एवं श्री संजीव नागू के साथ-साथ एसडीम हरदा श्री कुमार शानू देवड़िया और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

 जनसुनवाई में हरदा की रायल सिटी कॉलोनी निवासियों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर कॉलोनी की पेयजल समस्या बताई, जिस पर उन्होने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में छिदगांव निवासी ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर बताया कि मसनगांव हंडिया वाया डोमनमउ रेलवा अजनास मार्ग का वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस पर उन्होने अनुविभागीय अधिकारी को मामले की जांच कर मार्ग निर्माण प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये। 

 जनसुनवाई में हसनपुरा निवासी दुर्गा मार्कों ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर बताया कि उसका आधार कार्ड न बनने से उसे सड़क दुर्घटना में माता-पिता के देहान्त के बाद बीमा क्लेम की राशि प्राप्त नहीं हो पा रही है। इस पर कलेक्टर श्री जैन ने ई-गवर्नेंस मेनेजर को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में ग्राम पिड़गांव निवासी मोहनलाल ने कलेक्टर श्री जैन को आवेदन देकर पात्रता पर्ची में पुनः नाम जोड़ने के लिये आवेदन दिया, जिस पर उन्होने जिला आपूर्ति अधिकारी को आवेदक की पात्रता अनुसार नाम जुड़वाने के निर्देश दिये। तहसील खिरकिया के ग्राम रैयतवाड़ी निवासी रामस्वरूप ने आवास के लिये पट्टा दिलाने की मांग कलेक्टर श्री जैन से की, जिस पर उन्होने तहसीलदार खिरकिया को पात्रता का परीक्षण कर आवेदक की मदद करने के निर्देश दिये।

सोमवार, 5 मई 2025

तेज हवाओं और बवंडर के कारण विंध्य क्षेत्र में चार ट्रांसमिशन टॉवर क्षतिग्रस्त, अमरकंटक में उत्पादित विद्युत की निकासी और पारेषण पर कोई प्रभाव नहीं : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर


जबलपुर- ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है गत दिवस तेज हवाओं और बवंडर के कारण विंध्य क्षेत्र स्थित मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की 220 के.व्ही. अमरकंटक–सीधी तथा 220 के.व्ही. सीधी–रीवा ट्रांसमिशन सर्किट के चार टॉवर क्षतिग्रस्त हो गये। इस कारण अमरकंटक से सीधी 220 के.व्ही. सर्किट में विद्युत प्रवाह प्रभावित हुआ, लेकिन 220 के व्ही सबस्टेशन सीधी में वैकल्पिक ट्रांसमिशन सप्लाई उपलब्ध होने से क्षेत्र में इस कारण कोई विद्युत व्यवधान नहीं हुआ। साथ ही इससे अमरकंटक थर्मल पावर स्टेशन चचाई में उत्पादित विद्युत की निकासी एवं पारेषण पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा और अन्य सर्किट अनूपपुर एवं जबलपुर में विद्युत आपूर्ति निर्विघ्न बनी रही।

72 मीटर ऊँचा टावर भी हुआ क्षतिग्रस्त:-

एम पी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री संदीप गायकवाड़ ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में सोन नदी के आसपास मौसम के अचानक बिगड़ने से उपरोक्त दोनों सर्किट में दो टॉवर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए तथा दो अन्य टॉवर आंशिक रूप से प्रभावित हुए। इन टॉवरों में से एक 72 मीटर ऊँचाई का विशेष ट्रांसमिशन टॉवर है, जो सोन नदी क्रॉसिंग के लिए स्थापित किया गया था।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद, क्षतिग्रस्त टॉवरों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। प्रभावित सर्किटों से विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल करने में कम से कम तीन सप्ताह का समय लग सकता है।

परिवार एजुकेशन सोसायटी द्वारा खालवा के 110 ग्रामों में निःशुल्क मोबाईल मेडिकल क्लिनिक से होगा उपचार, कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी


खंडवा- खण्डवा जिले के विकासखण्ड खालवा के अतिदूरस्थ एवं जरूरतमंत 110 गांवो के लिये दो मोबाईल मेडिकल क्लिनिक परिवार एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित किए जाएँगे।सोमवार को कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मोबाईल मेडिकल क्लिनिक वाहन को फीता काटकर एवं हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ.नागार्जुन बी. गौड़ा,एडीएम श्री काशीराम बड़ोले,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओ.पी.जुगतावत सहित अन्य अधिकारी,कर्मचारी एवं संस्था के कर्मचारी उपस्थित थे। 

     मोबाईल मेडिकल क्लिनिक के माध्यम से खालवा के दूरस्थ अंचलो मे निःशुल्क सेवायें प्रदाय की जायेगी। दो मोबाईल क्लिनिक के द्वारा प्रतिदिन 3 से 4 गांव जाकर ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार,दवाइयां एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा तथा गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेस के द्वारा नजदीकी अस्पताल में भेजा जायेगा।

सृजन कार्यक्रम हेतु खंडवा जिले के दो विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिया हेतु चयनित


खंडवा - राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल द्वारा सृजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें प्रदेश भर से तकनीकी शिक्षा विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने भाग लिया । सृजन में कुल 6 श्रेणियों में प्रदेश भर के विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट एवं मॉडल की प्रविष्टि पोर्टल पर की थी, जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खंडवा से वनस्पति शास्त्र विभाग की आलिया परवीन एमएससी द्वितीय सेमेस्टर का चयन वेस्ट मैनेजमेंट श्रेणी के अंतर्गत हुआ साथ ही शासकीय महाविद्यालय गुड़ी के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हेमंत बेलसरे का चयन इंडस्ट्रीज 4.0/5.0 श्रेणी के अंतर्गत हुआ। जिले से चयनित दोनों विद्यार्थी 09 से 11 मई को आयोजित होने वाली प्रदेश स्तर प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल जाएंगे। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह एवं शासकीय महाविद्यालय गुड़ी के प्राचार्य डॉ. एम. के. डी. अग्रवाल द्वारा विद्यार्थियों को बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिता हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की। सृजन कार्यक्रम की संयोजक डॉ. शकुन मिश्रा द्वारा विद्यार्थियों को 09 एवं 11 मई को होने वाली प्रतियोगिता के लिए मार्गदर्शन एवं बधाई दी तथा कार्यक्रम की सहसंयोजक डॉ. नेहा सोलंकी ने बताया सृजन कार्यक्रम का मूल उद्देश्य तकनीकी एवं शिक्षण संस्थानों में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करना है।

जंगल में आग लगाने के मामले में एक आरोपी को जेल भेजा


हरदा- मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम श्री अशोक कुमार एवं वन मण्डलाधिकारी श्री अनिल चोपड़ा के मार्गदर्शन में वन मंडल हरदा अंतर्गत परिक्षेत्र बोरपानी में अग्नि घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिये गश्त के दौरान 3 मई को बीट रवांग में आग देखी गई। इसके बाद उप वन मंडलाधिकारी द. हरदा ओमप्रकाश बिडारे एवं परिक्षेत्र अधिकारी बोरपानी नीता शाह के नेतृत्व में वन अमले ने मौके पर पहुँचकर आरोपी कालूराम को आग लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी कालूराम वल्द रामा निवासी रवांग को वन अग्नि प्रकरण में वन अधिनियम 1927 की धारा 33 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत शनिवार को वन अपराध प्रकरण कायम कर रविवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को वन अग्नि प्रकरण मामले में जेल भेजने की कार्यवाही की गई। इस मामले में परिक्षेत्र सहायक राजेंद्र प्रसाद बछानिया, रामजीलाल उईके व वृंदावन दायमा आदि की मुख्य भूमिका रही।

चिकित्सकीय सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए समयानुसार नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्तियाँ सुनिश्चित करें – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल


भोपाल- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, सुलभ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए कृतसंकल्पित है और इस दिशा में मानव संसाधन की नियमित उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में अनावश्यक विलंब न हो, यह प्रत्येक स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि परिणाम घोषित होने के पश्चात नियुक्ति में तत्परता बरती जाए एवं समस्त आवश्यक औपचारिकताओं की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए चिकित्सकीय मैनपावर की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य है। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। हर दिन महत्वपूर्ण है, इसलिए नियुक्ति प्रक्रिया की दैनिक समीक्षा एवं फॉलो-अप किया जाए। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरुण राठी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध संचालक डॉ. सलोनी सिडाना सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मीडिया सलाहकार श्री ताहिर अली को 40वीं वैवाहिक वर्षगाँठ पर दी शुभकामनाएँ


भोपाल- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने मीडिया सलाहकार श्री ताहिर अली को उनकी विवाह की 40वीं वर्षगाँठ के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने श्री ताहिर अली को मंत्रालय भोपाल में पुष्पगुच्छ भेंट कर सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने श्री ताहिर अली और उनकी धर्मपत्नी को इस पावन अवसर पर हार्दिक बधाई दी और प्रेम, विश्वास और सौहार्द से परिपूर्ण जीवन व्यतीत करने की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के विशेष सहायक श्री चन्द्रप्रताप गोहल, निज सचिव श्री आनंद भट्ट, ओएसडी श्री अशोक शर्मा और जनसंपर्क अधिकारी श्री अंकुश मिश्रा उपस्थित थे। सभी ने श्री ताहिर अली को पुष्पगुच्छ प्रदान कर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

उल्लेखनीय है कि श्री ताहिर अली विगत 21 वर्षों से उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के साथ मीडिया समन्वय एवं जनसंपर्क गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व, लेखन क्षमता एवं मीडिया के प्रति सजग दृष्टिकोण ने उन्हें एक प्रतिष्ठित और विश्वसनीय सलाहकार के रूप में स्थापित किया है। उप मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री अली को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।