हरसूद- बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उन्हें शोषण एवं अपराधों से सुरक्षित रखने तथा सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत हरसूद एवं छनेरा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। 2 नवंबर 2026 को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित इन शिविरों में छात्र-छात्राओं को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों के साथ बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के अध्यक्ष श्री संजीव श्रीवास्तव तथा तहसील विधिक सेवा समिति, हरसूद के अध्यक्ष श्री पुष्पक पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
छात्रावास और कन्या विद्यालय में हुए जागरूकता शिविर
अभियान के अंतर्गत व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड, हरसूद श्री राकेश भिड़े द्वारा आदिवासी बालक-बालिका छात्रावास, हरसूद में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। वहीं व्यवहार न्यायाधीश हरसूद श्रीमती द्रुतिका उपाध्याय की उपस्थिति में एकीकृत शासकीय माध्यमिक कन्या शाला, छनेरा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दोनों स्थानों पर बच्चों को सुरक्षित बचपन के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का अधिकार है।
शिविरों में बच्चों को बाल अधिकारों के संरक्षण के साथ बाल शोषण, बाल उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम तथा बच्चों के साथ होने वाले अन्य प्रकार के दुर्व्यवहार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
बच्चों को समझाया गया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार, शोषण अथवा अन्याय होता है तो वे डरें नहीं और न ही चुप रहें। ऐसी स्थिति में अपने माता-पिता, अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल जानकारी दें। आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता भी प्राप्त करें।
बच्चों को बताया, कानून देता है सुरक्षा और सम्मान का अधिकार
विधिक जागरूकता शिविरों में बच्चों को बताया गया कि कानून प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने की भी समझाइश दी गई।
साथ ही किसी भी गलत गतिविधि या असुरक्षित परिस्थिति की जानकारी मिलने पर उचित माध्यम से इसकी सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की रही सहभागिता
आयोजित शिविरों में छात्रावास अधीक्षक, विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण, स्कूल स्टाफ, पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLV) तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में कानूनी समझ विकसित करने और उनके लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा समिति का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देना, उन्हें शोषण एवं अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा उनके लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है।
हरसूद एवं छनेरा में आयोजित ये शिविर बच्चों को यह समझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहे कि जागरूकता ही उनके अधिकारों की रक्षा का पहला कदम है। बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी मिलने से वे स्वयं के साथ-साथ अपने आसपास के अन्य बच्चों की सुरक्षा के प्रति भी सजग बन सकते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें