शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

कानून की समझ और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश देकर संपन्न हुआ जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद | राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को किया नमन, पुलिस अधिकारियों का सम्मान; विद्यार्थियों को मिले सहभागिता प्रमाणपत्र

खंडवा- युवाओं को कानून के प्रति जागरूक बनाने, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करने और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा में आयोजित जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य समापन हुआ। उच्च शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियमों, नागरिक अधिकारों और कानून के पालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

समापन समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना, मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उनके राष्ट्र निर्माण, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशी रियासतों के एकीकरण में दिए गए योगदान का स्मरण किया गया।

जागरूक युवा ही समाज में ला सकते हैं सकारात्मक बदलाव

समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आदित्य सिंघारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के लिए कानून, अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। जागरूक युवा न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि समाज को भी अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के प्रति सजग बना सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गजेंद्र सिंह कंवर ने कहा कि राष्ट्रीय एकता ही देश की शक्ति और विकास का आधार है। आपसी सद्भाव, सहयोग, अनुशासन और भाईचारे की भावना को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रासंगिक

वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गणेश प्रसाद दावरे ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन युवाओं को राष्ट्रसेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि भारत की विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक नागरिक को सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन और महाविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर कानून एवं सामाजिक दायित्वों की व्यावहारिक समझ प्रदान करते हैं।

पुलिस अधिकारियों और आयोजनकर्ताओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आदित्य सिंघारिया ने कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गजेंद्र सिंह कंवर को सम्मानित किया। आयोजन के सफल समन्वय के लिए संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह रावत एवं सह-संयोजक डॉ. राजेश सिसोदिया का सम्मान किया गया।

इसके अलावा विशेष सहयोग के लिए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्री प्रवीण आर्य, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती स्नेहा ठाकुर एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सुनीता मंसारे को भी सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय एकता की शपथ, विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित

समारोह के दौरान प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आंतरिक सुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर डॉ. पी.आर. पाटिल, डॉ. अविनाश दुबे, डॉ. सुनील कुमार गोयल, डॉ. रेखा गुंजन, डॉ. तुलसीराम ब्राह्मणे, डॉ. शुचि गुप्ता, डॉ. रश्मिप्रभा फरे, डॉ. एस.एस. डावर, डॉ. कृष्णा सोलंकी, डॉ. शर्मिला मीणा, डॉ. रुक्मणी यादव, डॉ. दिलीप पाटीदार, डॉ. चन्द्रपाल सिंह रावत, डॉ. विकास वर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. महेश भाबोर एवं प्रो. राखी उइके सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. कुलदीप सिंह रावत, संचालन प्रो. विपिन जैन तथा आभार प्रदर्शन प्रो. राजेश सिसोदिया ने किया।

समापन समारोह ने युवाओं के सामने एक महत्वपूर्ण संदेश रखा कि एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक भागीदारी से संभव है। कानून का सम्मान, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता ही जिम्मेदार नागरिकता की वास्तविक पहचान है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें