बुधवार, 25 मार्च 2026

सुरक्षा पर सख्त रुख: एमपी ट्रांसको में ‘जीरो एक्सीडेंट’ नीति पर जोर, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई | 21वीं प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में एमडी सुनील तिवारी के निर्देश, सिंहस्थ कार्यों और ट्रांसमिशन नेटवर्क की प्रगति की समीक्षा

जबलपुर- मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) मुख्यालय, जबलपुर में आयोजित दो दिवसीय त्रिमासिक 21वीं प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में सुरक्षा, कार्यों की गति, पारदर्शिता और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने की, जिसमें फील्ड अधीक्षण अभियंताओं, विभागाध्यक्षों और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों में तेजी के दबाव के बावजूद सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रांसमिशन कार्यों में ‘जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी’ के तहत निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर कार्रवाई और एफआईआर तक के निर्देश
प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मेंटेनेंस कार्यों के दौरान सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर केवल फील्ड कर्मचारी ही नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारी, कार्य प्रभारी और सुपरवाइजर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों में कंपनी द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपकरणों, प्रशिक्षण और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
सिंहस्थ से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता
बैठक में सिंहस्थ से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी ट्रांसमिशन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में हाल ही में भर्ती कार्मिकों को सौंपे गए कार्यों और उनकी प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए कार्य क्षमता और दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जेम पोर्टल से खरीदी में पारदर्शिता
प्रबंध संचालक ने कंपनी में आवश्यक सामग्रियों की खरीदी के लिए सरकार द्वारा अधिकृत जेम (GeM) पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और समयबद्ध तरीके से सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने वेंडर्स के बिल निर्धारित समय सीमा में पारित करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजनाओं की गति प्रभावित न हो। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
“कॉल बिफोर यू डिग” संस्कृति पर जोर
बैठक के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कार्य करते समय “कॉल बिफोर यू डिग” संस्कृति अपनाने को अनिवार्य बताया गया। प्रबंध संचालक ने कहा कि इससे भूमिगत लाइनों और अन्य संरचनाओं को नुकसान से बचाया जा सकेगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
ट्रांसमिशन नेटवर्क की विश्वसनीयता पर चर्चा
समीक्षा बैठक में प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क की विश्वसनीयता, चल रहे कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागाध्यक्षों एवं फील्ड अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रभक्ति के साथ बैठक का शुभारंभ और समापन
बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के छहों छंदों के सामूहिक गायन से हुई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। वहीं बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों से स्पष्ट है कि एमपी ट्रांसको सुरक्षा, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य संस्कृति को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें