खंडवा- भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह के मार्गदर्शन में रसायन विभाग, माइक्रोबायोलॉजी एवं फार्मा रसायन विभाग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता, पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण एवं गूगल आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने बताया कि महाविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय रहा कि क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन के कुलगुरु प्रो. मोहनलाल कोरी का महाविद्यालय में आगमन हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के रचनात्मक एवं शोधपरक प्रयासों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनी में भारतीय वैज्ञानिकों के जीवन एवं उनके वैज्ञानिक योगदानों पर आधारित पोस्टर प्रस्तुत किए गए थे। कुलगुरु प्रो. कोरी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों एवं उनके नवाचारों पर विस्तृत चर्चा की और युवाओं को अनुसंधान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नैनो टेक्नोलॉजी एवं वैज्ञानिक आविष्कारों पर प्रभावी प्रस्तुतियाँ
भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. अर्चना मोरे ने जानकारी दी कि पावरपॉइंट प्रस्तुति सत्र में माइक्रोबायोलॉजी की छात्रा प्रथा महोदय ने नैनो टेक्नोलॉजी के विविध आयामों—स्वास्थ्य संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, कृषि विकास एवं पर्यावरण संरक्षण—पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नैनो कण शल्य चिकित्सा, कैंसर उपचार तथा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में किस प्रकार उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं और भारत में इसकी संभावनाएँ कितनी व्यापक हैं।
छात्र माधव बाथम ने आचार्य नागार्जुन के जीवन परिचय एवं रसायन शास्त्र में उनके योगदान पर प्रभावी प्रस्तुति दी। वहीं वाणिज्य संकाय की छात्रा रितिका ने विभिन्न वैज्ञानिक आविष्कारों एवं मानव जीवन में उनके महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रेमांश दुधे ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. कमलेश कोचले द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मनीषा सिंह, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एस. के. गोयल, डॉ. रेखा गुंजन, प्रो. पी. के. पाटिल, डॉ. पी. खनूजा, डॉ. अपर्णा अग्रवाल एवं प्रो. क्षमा पालीवाल सहित अनेक प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा भी आयोजित हुआ प्रेरक कार्यक्रम
इसी क्रम में महाविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा भी राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना मोरे रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान दिवस को केवल एक दिवसीय आयोजन तक सीमित न रखकर जीवन में वैज्ञानिक सोच को आत्मसात करना चाहिए।
डॉ. अपर्णा अग्रवाल ने विज्ञान के महत्व तथा नवीन आविष्कारों की उपयोगिता पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनू सेन ने किया तथा आभार डॉ. नेहा सोलंकी ने व्यक्त किया।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के इस बहुआयामी आयोजन ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, शोध प्रवृत्ति एवं नवाचार के प्रति उत्साह का संचार किया तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान के साथ जोड़ने का सशक्त संदेश दिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें