शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026

ग्रीष्मकाल पूर्व रीवा की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश | अमृत योजना कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

भोपाल/रीवा- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में रीवा शहर में अमृत योजना के अंतर्गत संचालित पेयजल एवं शहरी अधोसंरचना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़, निर्बाध और प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अमृत योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ओवरहेड पानी की टंकियों (ओएचटी) के कार्यों की प्रगति पर जानकारी ली और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टंकियों के पूर्ण होने से जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित जल वितरण सुनिश्चित हो सकेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पाइपलाइन विस्तार, जल प्रदाय वितरण नेटवर्क सुदृढ़ीकरण, लीकेज नियंत्रण तथा अन्य संबंधित अधोसंरचनात्मक कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अमृत योजना के सभी घटकों का क्रियान्वयन समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए।

समीक्षा के दौरान परियोजना की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों की प्रगति, जल स्रोतों की उपलब्धता तथा ग्रीष्मकालीन मांग को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्मी से पूर्व सभी तकनीकी एवं संचालन संबंधी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।

बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने रीवा शहर में अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

अमृत योजना के माध्यम से रीवा शहर में पेयजल आपूर्ति प्रणाली, जल भंडारण क्षमता, वितरण नेटवर्क और शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है। इसके पूर्ण होने से शहर के नागरिकों को सुरक्षित, पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा भविष्य की बढ़ती मांग को भी पूरा किया जा सकेगा।

ग्रीष्मकाल पूर्व की यह समीक्षा राज्य सरकार की उस प्राथमिकता को दर्शाती है, जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने और नागरिकों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें