खंडवा- पुलिस महानिरीक्षक जोन इंदौर (ग्रामीण) के प्रस्तावित वार्षिक निरीक्षण की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन खंडवा में भव्य जनरल परेड एवं बलवा परेड अभ्यास का आयोजन किया गया।
अनुशासन, सामूहिक समन्वय और आपदा-प्रबंधन क्षमता का यह प्रदर्शन जिला पुलिस की तत्परता और पेशेवर दक्षता का प्रतीक बना। परेड की सलामी पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक खंडवा ने ली।
परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महेंद्र तारनेकर, प्रशिक्षु आईपीएस अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल सिंह चौहान, एसडीओपी (मूँदी) मनोहर सिंह गवली तथा डीएसपी (यातायात) अनिल कुमार राय सहित जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, महिला पुलिस एवं यातायात इकाई के लगभग 140 अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित हुए। परेड कमांडर सूबेदार धरम सिंह जामोद रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री राय ने परेड का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए वर्दी की सुसज्जा, चाल-ढाल, समन्वय और ड्रिल की शुद्धता का आकलन किया। उत्कृष्ट टर्न-आउट वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया, जबकि कमियों वाले कर्मियों को सुधार हेतु दंडित किया गया। थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्लाटूनों से स्क्वाड ड्रिल कराई गई, जिससे सामूहिक संचालन और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण हुआ।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने जिले के शासकीय पुलिस वाहनों का निरीक्षण करते हुए सायरन, इंडिकेटर, बलवा नियंत्रण उपकरण, टियर गैस, सुरक्षा सामग्री और टूल-किट की उपलब्धता एवं कार्यक्षमता का परीक्षण किया। थाना हरसूद के वाहन चालक आरक्षक जितेश सयदे को वाहन का उत्कृष्ट रख-रखाव बनाए रखने पर पुरस्कृत किया गया। वाहन शाखा प्रभारी सूबेदार ज्योति रघुवंशी को सभी वाहनों की समयबद्ध सर्विसिंग और तकनीकी स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बलवा परेड का अभ्यास डीएसपी (यातायात) अनिल कुमार राय के नेतृत्व में कराया गया। अभ्यास के दौरान भीड़-नियंत्रण संरचना, सुरक्षा कवच गठन, चरणबद्ध बल प्रयोग और आपात प्रतिक्रिया पद्धति का प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अभ्यास की सराहना करते हुए कहा कि खंडवा संवेदनशील जिला है और त्योहारों या विशेष परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित एवं संयमित प्रतिक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को वास्तविक परिस्थितियों में आने वाली चुनौतियों से निपटने हेतु व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक रक्षित निरीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां सूबेदार नितिन निंगवाल ने 01-02-08 बल के साथ औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। इस दौरान कार्यालय परिसर की स्वच्छता, शस्त्रागार की सुरक्षा व्यवस्था तथा स्टोर प्रबंधन का निरीक्षण किया गया और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए गए।
जनरल एवं बलवा परेड का यह संयुक्त अभ्यास आगामी वार्षिक निरीक्षण की तैयारी भर नहीं, बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सामूहिक क्षमता, संसाधन प्रबंधन और अनुशासनात्मक प्रतिबद्धता का प्रदर्शन भी रहा। जिला पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया कि त्योहारों और संवेदनशील परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वह पूर्णतः सजग और तैयार है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें