गुरुवार, 1 जनवरी 2026

सराक क्षेत्र में शीतकालीन ज्ञान संस्कार शिक्षण शिविरों का शंखनाद | बंगाल–झारखंड–उड़ीसा में जैन धर्म प्रभावना का सशक्त अभियान

रघुनाथपुर-  सराक समाज के आध्यात्मिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के उद्देश्य से सराक क्षेत्र में शीतकालीन ज्ञान संस्कार शिक्षण शिविर 2025–26 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रेरणादायी आयोजन सराकोद्धारक परम पूज्य आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज की प्रेरणा से तथा आचार्य श्री ज्ञेय सागर जी महाराज, गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी, गणिनी आर्यिका आर्षमति माताजी एवं आर्यिका सुज्ञानमति माताजी के पावन आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है।

इन शिक्षण शिविरों के माध्यम से पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उड़ीसा के सराक अंचलों में जैन धर्म की मूल शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का व्यापक प्रसार किया जा रहा है। शिविरों का संचालन ब्रह्मचारिणी मंजुला दीदी एवं ब्रह्मचारी मनीष भैया के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है, जिसमें धर्म प्रभावना के साथ-साथ संस्कार निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है।

शिविर संयोजक श्री मनीष विद्यार्थी ने बताया कि इन शिविरों में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे विद्वान जैन दर्शन, नैतिक शिक्षा, ज्ञान दर्पण भाग 1 एवं 2 तथा छहढाला जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों की सरल एवं प्रभावी व्याख्या कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ (दुर्ग) से पं. जयकुमार जी, भिलाई से पं. शिखरचंद जैन, मध्य प्रदेश (टीकमगढ़) से पं. श्रीनंदन जी, उत्तर प्रदेश (महरौनी) से पं. कपिल शास्त्री, सागर से पं. मुन्नालाल जैन, सहसंयोजक पं. राजकुमार कर्द एवं पं. मोहित शास्त्री द्वारा धर्म प्रभावना का कार्य पूरे उत्साह और समर्पण के साथ किया जा रहा है।

शिविरों के दौरान जैनत्व संस्कार कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान समारोह, बौद्धिक एवं धार्मिक प्रतियोगिताएं, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बच्चों, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों में धर्म, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़े।

स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को सफल बनाने में श्री लखन जी, गौरांग जैन, रामदुलार जैन, डॉ. प्रदीप जैन, शक्तिपथ, सराक समिति लखनपुर के गयाराम जैन (अध्यक्ष), संजय जैन (सचिव), रघुनाथपुर से पुटुक जैन (अध्यक्ष) सहित सराक उत्थान समिति बंगाल, उड़ीसा एवं झारखंड का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इन शीतकालीन ज्ञान संस्कार शिक्षण शिविरों का भव्य समापन 5 जनवरी को श्री दिगंबर जैन मंदिर, रघुनाथपुर में भक्तामर विधान, विद्वानों के सम्मान समारोह एवं प्रतियोगिता ड्रॉ के साथ किया जाएगा। यह आयोजन सराक क्षेत्र में जैन धर्म प्रभावना एवं संस्कार निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणास्पद पहल के रूप में देखा जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें