बैतूल- केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नीतिन गडकरी शनिवार को अपने पारिवारिक एवं निजी एक दिवसीय प्रवास पर बैतूल जिले के ग्राम चुरना पहुंचे। उनके आगमन पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार तथा स्थानीय विधायक गंगा उइके सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश और जिले से जुड़ी विभिन्न सड़क विकास परियोजनाओं को लेकर गहन चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने बरेठाघाट मार्ग के निर्माण कार्य में वन विभाग की अनुमति न मिलने के कारण उत्पन्न देरी की जानकारी दी। इस पर केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉरेस्ट अनुमति मिलते ही कार्य को तत्काल प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र सुविधा मिल सके।
इसके अलावा बैठक में बैतूल–आशापुर फोरलेन और बैतूल–परतवाड़ा फोरलेन परियोजनाओं की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। श्री गडकरी ने अधिकारियों से अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और लंबित कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एनएचएआई क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ) मध्यप्रदेश श्री श्रवण कुमार सिंह एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री मनीष मीणा (बैतूल-हरदा एवं बैतूल-इटारसी परियोजनाएं) भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंत्री को जिले की सड़कों की स्थिति, निर्माण प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि “केंद्रीय मंत्री श्री नीतिन गडकरी के मार्गदर्शन में प्रदेश के सड़क नेटवर्क का तीव्र विस्तार हो रहा है। बैतूल जिले में भी फोरलेन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।”
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने श्री गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बैतूल जिले के सड़क संपर्क, पर्यटन और औद्योगिक विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें