गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025

“कोशिश पूरी करें, लेकिन असफलता से घबराएं नहीं” – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, एडुमाइंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर दिया बल

भोपाल- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बच्चों को असफलता से डरना नहीं चाहिए, बल्कि पूरी निष्ठा और मनोयोग से प्रयास करते रहना चाहिए। सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है जो बार-बार प्रयास करने का साहस रखते हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों का यह दायित्व है कि वे बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाएं और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें।

श्री शुक्ल ने कहा कि बच्चों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल अंकों की दौड़ नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और जीवन कौशल का विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि अभिभावक दूसरों की सफलता देखकर अपने बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का बोझ डाल देते हैं, जो आगे चलकर उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध होता है।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही बच्चों में आत्मविश्वास, आत्मसंयम और संवेदनशीलता का विकास किया जाना आवश्यक है। इसी से वे भविष्य की चुनौतियों का सामना सकारात्मक ढंग से कर पाएंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इस अवसर पर बच्चों से नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि —

“हमारे बच्चों का भविष्य उज्जवल है। देश आज तेजी से आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमें इस परिवर्तन का हिस्सा बनकर नई पीढ़ी को मजबूत मानसिक आधार देना होगा।”

श्री शुक्ल विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में रीवा में आयोजित "एडुमाइंड एक्सीलेंस अवार्ड" समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों, शिक्षाविदों, मनोवैज्ञानिकों और मनोचिकित्सकों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, शिक्षाविद, मनोविज्ञान एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ, विद्यालयों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान बाल मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा में नवाचार के महत्व पर भी विचार-विमर्श हुआ।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें