शनिवार, 25 अक्टूबर 2025

सिंधी समाज मनाएगा गुरु नानक देव का 556वां प्रकाशोत्सव- आठ दिवसीय आयोजन 30 अक्टूबर से बालकधाम में, महोत्सव में होंगे गोपाष्टमी, तुलसी विवाह, भीष्म दीप प्रज्ज्वलन और 6 नवंबर को विशाल आम भंडारा

खंडवा – सिंधी कालोनी स्थित प्रसिद्ध बालकधाम में सुफी संत श्री गुरु नानक देव जी का 556वां जयंती प्रकाशोत्सव आठ दिवसीय श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

यह महोत्सव 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक स्वामी माधवदास उदासी जी के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन की रूपरेखा पूज्य सिंधी पंचायत की बैठक में प्रभारी अध्यक्ष मोहन दीवान की अध्यक्षता में तय की गई।

धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी श्रृंखला

प्रकाशोत्सव की शुरुआत 30 अक्टूबर रात 11 बजे श्री गुरुग्रंथ साहिब के सप्ताह पाठ से होगी।
प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से श्री झुलेलाल समर्थ पैनल और श्री पिपलेश्वर झुलेलाल भजन मंडली द्वारा भजन-संध्या आयोजित की जाएगी।
3 से 5 नवंबर तक भगत मोहन कोरो छमाछम पार्टी, कल्याण (मुंबई) के कलाकार संगीतमय गीत, भजन और पल्लव प्रस्तुत करेंगे।

विशेष पर्वों का आयोजन

  • 30 अक्टूबर (गुरुवार) – गोपाष्टमी पर गौमाता की पूजा और गौग्रास अर्पित किया जाएगा।
  • 2 नवंबर (सोमवार) – देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह और भीष्म (भीखम) के अखंड दीपों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
  • 5 नवंबर (बुधवार) – मध्यरात्रि 1.20 बजे गुरु नानक देव जी का जन्मोत्सव पारंपरिक रूप से डोली उतारकर, भजन, पल्लव, लोरियां और रंग-बिरंगी आकाशीय आतिशबाजी के साथ मनाया जाएगा।
  • 6 नवंबर (गुरुवार) – सप्ताह पाठ साहिब पर भोग के बाद विशाल आम भंडारा के साथ महोत्सव का समापन होगा।

बैठक में बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित

बैठक में समाज के प्रमुख जनों मोहन दीवान, नारायण चावला, मनोहर सबनानी, मेठाराम पिंजानी, महेश चंदवानी, शंकर जेठवानी, निर्मल मंगवानी, महेश मंगवानी, प्रकाश आहूजा, विजय मंगवानी, हरिश मलानी, कन्हैयालाल सहजवानी, संतोष मोटवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सभी ने आयोजन को भव्य एवं अनुशासित रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें