खंडवा- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार विद्यार्थी स्नातक में लिए गए मेजर या माइनर विषय में ही स्नातकोत्तर कर सकता था। विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन ने इसमें संशोधन करते हुए मेजर माइनर के अतिरिक्त अन्य विषय से भी स्नातकोत्तर करने की सुविधा प्रदान की है । इच्छुक विद्यार्थी 30 जून तक उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
संशोधित नियमों के तहत स्नातकोत्तर में विषय बदलने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष पात्रता निर्धारण प्रक्रिया शुरू की गई है। इस प्रक्रिया में विद्यार्थी द्वारा चयनित विषय को लेकर स्नातकोत्तर करने से पहले विषय विशेषज्ञों द्वारा संबंधित विद्यार्थी का साक्षात्कार लिया जाएगा। इस साक्षात्कार में सफल होने के बाद संबंधित विषय विशेषज्ञों की पैनल द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा । प्रमाण-पत्र जारी करने के बाद विद्यार्थी अपने मनपसंद विषय में स्नातकोत्तर कर सकता है । यह प्रक्रिया उन छात्रों के लिए है , जो स्नातक के मेजर या माइनर विषय से अलग किसी अन्य विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खंडवा के प्राचार्य डॉ सोमपाल सिंह ने बताया कि आदिवासी बाहुल्य एवं पिछड़े क्षेत्र में यह कदम विद्यार्थियों को विषयगत लचीलापन देने की दिशा में उठाया गया है , जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया केवल उन छात्रों के लिए है जो विषय परिवर्तन कर स्नातकोत्तर में प्रवेश लेना चाहते हैं । मेजर/माइनर विषय में ही आगे बढ़ने वाले छात्रों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन के प्रवेश विभाग या संचालनालय उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश से संपर्क किया जा सकता है।
उक्त सुविधा हेतु विश्व विद्यालयों द्वारा समय सारणी घोषित की गई है, जो इस प्रकार है-
1 जुलाई को विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार लॉगिन पोर्टल पर ऐसे विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी । 2 व 3 जुलाई को प्रत्येक विश्वविद्यालय विषयवार साक्षात्कार की तिथियों का निर्धारण करेगा । 4 जुलाई को संचालनालय द्वारा छात्रों को साक्षात्कार की सूचना भेजी जाएगी । 10 व 11 जुलाई को विश्वविद्यालयों में संबंधित विषयों के लिए पात्रता निर्धारण के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे । इन्हीं दो दिनों में, पात्र पाए गए छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा पात्रता प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे । 11 जुलाई को विश्वविद्यालय अपने परीक्षा परिणाम ई-प्रवेश पोर्टल पर अपलोड करेगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन चेक बॉक्स प्रणाली के माध्यम से पूरी की जाएगी । 12 जुलाई को संचालनालय द्वारा ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से सीट आवंटन की प्रक्रिया होगी।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस खंडवा के प्राचार्य डॉ सोमपाल सिंह ने बताया कि यह विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसका लाभ उन्हें उठाना चाहिए और अपने मनपसंद विषय में स्नातकोत्तर कर अपने करियर की दिशा को संवारना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें