भोपाल: शिशु रोग विभाग, गांधी आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, भोपाल द्वारा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के तत्वावधान में एवं हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एचआईएमएस), देहरादून के सहयोग से “प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण (ट्रेनिंग ऑफ़ ट्रेनर्स)” कार्यशाला का आयोजन दिनांक 21 एवं 22 अप्रैल 2025 को किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ कविता एन. सिंह ने किया। डॉ कविता एन. सिंह ने बताया कि यह कार्यशाला प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण बाल स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।
उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय स्तर के शिशु रोग विशेषज्ञ एवं हिमालयन इंस्टीट्यूट के वाइस चांसलर डॉ अशोक देवरारी तथा पीजीआई चंडीगढ़ के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ प्रवीण कुमार द्वारा वर्चुअली संबोधन दिया गया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आईसीएमआर द्वारा विकसित मानक उपचार प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। इस परियोजना के तहत एमडी (बाल रोग) के विद्यार्थियों को उनके डीआरपी पोस्टिंग के दौरान नवजात एवं बच्चों के उपचार हेतु इन नवीनतम राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा। यह कार्यशाला देश भर में बाल रोग चिकित्सा पद्धतियों को एकरूपता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रदेश भर में बाल रोग चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को नवीनतम राष्ट्रीय मार्गदर्शिकाओं से अवगत कराया जाएगा, जिससे शिशु एवं नवजात मृत्युदर को प्रभावी रूप से कम करने में सहायता मिलेगी। इस दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यशाला एक सशक्त कदम सिद्ध होगी। प्रशिक्षण में मुख्य अन्वेषक (प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर) डॉ जूही कालरा एवं डॉ अल्या गुप्ता प्रतिभागियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। इस प्रोजेक्ट की सह-प्रमुख अन्वेषक (को -प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर) डॉ ज्योत्स्ना श्रीवास्तव हैं, साथ में डॉ राजेश टिक्कास एवं डॉ अमित अग्रवाल भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े हैं। इस अवसर पर अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ भोपाल एवं ग्वालियर से आई हुई नर्सिंग फैकल्टी ने भी सहभागिता की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें