खंडवा- कोरोना वायरस के चलते जिला ही नहीं सम्पूर्ण देश में मार्च के अंतिम सप्ताह में लॉकडाउन लगाया गया था और इसी के साथ किसी स्थान पर भीड़ ना बढ़े इसलिए प्रदेश भर में जनसुनवाई भी बंद कर दी गई थी। अब लॉकडाउन भी खत्म हो गया, उपचुनाव भी निपट गए परंतु जनसुनवाई की शुरुआत अभी तक नहीं हो पाई हैं। कहीं ऐसा तो नहीं शासन जन सरोकार से कन्नी काट रहा है। जनसुनवाई को मध्यप्रदेश में शीघ्र प्रारंभ करने की मांग करते हुए सद्भावना मंच अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि आम जनता उच्च अधिकारियों के पास जनसुनवाई में इसलिए आती है कि जब निचले अधिकारी उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं देते हैं और शिकायतकर्ता तहसील सहित अन्य कार्यालयों के चक्कर काटकर परेशान हो जाता है तो वह जिले के वरिष्ठ अधिकारी के पास अपनी शिकायत लेकर जाता है। ऐसें में कई शिकायतों के तो निराकरण मौके पर ही हो जाते हैं और कई शिकायतें जांच के लिए लंबित रखी जाती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जनसुनवाई की शुरुआत इस उद्देश्य के साथ की गई थी कि आम जनता को इधर उधर भटकना न पड़े और वह सीधे जिले के अधिकारी से मिलकर अपनी समस्या रख सके। सभी काम शुरू हो जाने के बाद भी जन सुनवाई नहीं हो रही है।
सूत्रों का कहना है कि जनसुनवाई में भीड़ बढ़ेगी जबकि शादी समारोह में जब 200 लोगों को आने की अनुमति प्रशासन दे रहा है तो जनसुनवाई में तो 200 से कम ही लोग पहुंचते हैं अब आम जनता भी जागरुक हो चुकी है और वह सोशल डिस्टेंस का भी पालन करने लगी है इसके साथ ही बिना मास्क के घूम रहे लोगों पर भी चालानी कार्रवाई सहित जेल की हवा भी खिलाई जा रही है तो फिर जनसुनवाई शुरू होना चाहिए। प्रमोद जैन ने यह भी कहा कि पूर्व में प्रति मंगलवार को 11 से 2 बजें तक जन सुनवाई होती थी आम जनता इस विश्वास के साथ आती थी जब कहीं पर सुनवाई नहीं हो रही है तो यहां पर तो अधिकारी हमारी बात सुनेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें