उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल शासकीय मार्तण्ड क्रमांक-दो विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण योजना विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में लगभग दो करोड़ रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 12 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरुजनों का दायित्व केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, ताकि उनके विद्यार्थी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। शिक्षकों को बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है। बच्चों में आत्मविश्वास के साथ-साथ संवेदनशीलता का विकास भी आवश्यक है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें और एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बनना भी है।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए अनेक योजनाएं और कार्यक्रम संचालित कर रही है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन योजनाओं तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।