मंगलवार, 27 मई 2025

कैबिनेट स्वीकृत पदों पर समय-सीमा में करें भर्ती: उप मुख्यमन्त्री श्री शुक्ल, यूजी पीजी सीट के लिए अधोसंरचना विकास और उपकरण खरीदी कार्य प्राथमिकता से करें पूर्ण

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कैबिनेट द्वारा स्वीकृत पदों पर समय-सीमा में भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्वीकृत पदों की भर्ती में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में स्वास्थ्य विभाग की वृहद समीक्षा की।
    उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने यूजी/पीजी सीट्स के अपग्रेडेशन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेजों में सीट वृद्धि के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। इसके साथ ही आवश्यक उपकरणों की खरीदी प्रक्रिया को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि समयसीमा में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के सभी मापदंड पूरे किए जा सकें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि नियमित फॉलो-अप कर कार्यों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए। 
     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने यह भी निर्देश दिए कि ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया को पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वित किया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने हिंदी में एमबीबीएस के लिए आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता मेडिकल कॉलेज में सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरुण राठी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

1 से 15 जून तक आंगनवाडी केन्‍द्रो में बच्चों का रहेगा अवकाश

हरदा- महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश अनुसार आगामी 1 से 15 जून तक आंगनवाडी केन्‍द्रों का ग्रीष्‍म कालीन अवकाश रहेगा। इस अवधि में आंगनवाडी केन्‍द्रों के हितग्राही बच्चों को नियमानुसार रेडी टू ईट पूरक पोषण आहार उनके घर पर ही प्रदाय किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी ने जिले के समस्‍त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनवाडी केन्‍द्रों में ग्रीष्म अवकाश की अवधि में स्‍थानीय स्‍तर पर स्‍वसहायता समूहों द्वारा तैयार रेटी-टू-ईट पूरक पोषण आहार का वितरण करने के निर्देश परियोजना अधिकारियों को दिए हैं।

खुशियों की दास्तां- ड्रोन से खेतों में कीटनाशक छिड़काव कर संगीता हुई आत्मनिर्भर

हरदा- हरदा विकासखण्ड के ग्राम अबगांव निवासी संगीता चौहान के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह भी कुछ काम करके अपने परिवार की आय बढ़ाना चाहती थी, लेकिन कुछ समझ नहीं आ रहा था। गांव में एक दिन संगीता को पता चला कि महिलाओं के स्वसहायता समूहों को घर पर ही छोटे मोटे व्यवसाय शुरू करने के लिये सरकार से आर्थिक मदद मिलती है। बस फिर क्या था, संगीता ने अपने आसपास की कुछ महिलाओं से बात कर सिद्धी विनायक आजीविका स्वसहायता समूह गठित कर लिया। समूह की महिलाओं ने ड्रोन संचालन का विधिवत प्रशिक्षण लिया। अब सभी महिलाएं मिलकर ड्रोन के माध्यम से किसानों के खेतों में कीटनाशक छिड़काव का व्यवसाय अच्छी तरह करने लगी हैं, जिससे इन महिलाओं की आय बढ़ी है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही है। संगीता ने बताया कि ड्रोन संचालन से समूह की महिलाओं को हर माह 10 से 15 हजार रूपये तक आय हो जाती है, जिससे गांव के लोग उन्हें अब ‘‘लखपति ड्रोन दीदी’’ कहकर बुलाते हैं तो बड़ा अच्छा लगता है। 

सोमवार, 26 मई 2025

हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास हेतु ठोस प्रावधान

स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राप्त 49,990 करोड़ रुपये लागत के 180 निवेश प्रस्ताव प्रस्तावों की वृहद समीक्षा की
भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि निवेशकों से नियमित संवाद सुनिश्चित किया जाए और प्रस्तावों को मूर्त रूप देने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों से चर्चा कर उनकी ऐसी आवश्यकताओं की पहचान की जाए जिनमें शासन या प्रशासन का सहयोग अपेक्षित है, उनके समाधान के लिए अंतरविभागीय समन्वय किया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र से संबंधित निवेश प्रस्तावों की वृहद समीक्षा की।

   उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पूर्व निवेश नीति के पात्र निवेशकों को अनुदान (सब्सिडी) वितरण के लिए प्रशासनिक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रदेश को मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जाए। बैठक में निवेश प्रस्तावों की प्रगति, भूमि उपलब्धता, नीति लाभ, एवं प्रशासनिक सहयोग पर भी विस्तृत चर्चा हुई।


हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास हेतु ठोस प्रावधान
    उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि नवीन हेल्थ सेक्टर इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी - 2025 में प्रदेश के हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास हेतु ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कैटेगरी ‘B’ और ‘C’ शहरों के लिए प्राप्त प्रस्तावों के साथ-साथ वृहद परियोजनाओं पर सुनियोजित योजना बनाकर कार्य किया जाए।
     प्रदेश में अब तक स्वास्थ्य अधोसंरचना क्षेत्र के कुल 180 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनकी कुल अनुमानित लागत 49,990 करोड़ रुपये है। इन प्रस्तावों में कैटेगरी ‘A’ के लिए 155 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनकी लागत 47,856 करोड़ रुपये है। कैटेगरी ‘B’ में 1,911 करोड़ रुपये लागत के 18 प्रस्ताव और कैटेगरी ‘C’ में 222 करोड़ रुपये के 7 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। कुल प्रस्तावों में से 500 करोड़ 222 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 12 वृहद प्रस्ताव भी शामिल हैं। आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण राठी, संचालक प्रोजेक्ट श्री नीरज कुमार सिंह, एवं एमपीआईडीसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ड्रोन तकनीक के माध्यम से नैनो डीएपी के छिड़काव का प्रदर्शन किया

हरदा- कृषि विज्ञान केंद्र, हरदा द्वारा सोमवार को मूंग की फसल पर नैनो डीएपी का ड्रोन तकनीकी के माध्यम से छिड़काव का प्रदर्शन किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र प्रमुख डॉ. संध्या मुरे ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक श्री आर .सी. जाटव ने नैनो उर्वरक का विभिन्न फसलो मे उपयोग से खेती में अधिक लाभ के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ ओ.पी. भारती ने ड्रोन तकनीकी से कम लागत में अधिक उत्पादन के संबंध में बताया।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू से की सौजन्य भेंट, विंध्य क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार पर की चर्चा

भोपाल: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राम मोहन नायडू से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने विंध्य क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार पर सार्थक चर्चा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा से इंदौर, हैदराबाद, दिल्ली एवं प्रयागराज जैसे प्रमुख नगरों के लिए एटीआर-72 विमानों के माध्यम से नियमित उड़ानों की आवश्यकता एवं जनसामान्य की अपेक्षाओं से केंद्रीय मंत्री श्री नायडू को अवगत कराया। 
     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से इन महानगरों के लिए हवाई संपर्क स्थापित होने से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा, पर्यटन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी तथा रीवा सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को समावेशी विकास में समुचित स्थान मिलेगा। केंद्रीय मंत्री श्री नायडू ने प्रस्तुत सुझावों और मांगों पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।

रविवार, 25 मई 2025

पंधाना पुलिस ने फल व्यापारी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने वाले महाराष्ट्र के आरोपी तथा साजिशकर्ता पत्नी को 24 घण्टे के अन्दर किया गिरफ्तार

खंडवा-पंधाना पुलिस ने फल व्यापारी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने वाले महाराष्ट्र के आरोपी तथा साजिशकर्ता पत्नी को 24 घण्टे के अन्दर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना दिनांक 24.05.2025 के सुबह करीबन 04.00 बजे पुलिस चौकी बोरगांव पर सूचना प्राप्त हुयी कि मस्जिद के पास बोरगांव में रहने वाले फल व्यापारी आमीन पिता खलील खां को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा तथा घायल आमीन खां को जिला अस्पताल खंडवा इलाज हेतु भेजा गया। जहां पर आमीन को मृत घोषित किया गया। उक्त घटना पर धाना पंधाना पर मर्ग क्र 40:25 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का कायम कर अनुसंधान में लिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर इस बात की पुष्ट हुयी कि मृतक आमीन की मृत्यु गन शांट से हुयी है। मर्ग जांच के दौरान मृतक के घर से कारतूस का खाली खोका भी जप्त किया गया। मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों के कथन पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक आमीन की पत्नी शहनाज बी के प्रेमी अख्तर सैय्यद नि चोपड़ा जिला जलगांव महाराष्ट्र के विरूद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता एवं 25/27 आयुध अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक खण्डवा श्री मनोज कुमार राय के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री महेन्द्र तारनेकर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव कुमार बारंगे के मार्गदर्शन में अपराध क्रं.-196/25 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता में सनसनीखेज मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुये आरोपी अख्तर पिता सैय्यद अकील अली उम्र 25 साल निवासी बारगनअली मदीना मस्जिद के पास चोपड़ा जिला जलगांव की तलाश हेतु थाना प्रभारी पंधाना निरीक्षक दिलीप देवडा एवं थाना प्रभारी पदमनगर निरीक्षक प्रवीण आर्य के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
अनुसंधान - अनुसंधान के दौरान आरोपी अख्तर पिता सैय्यद अकील अली उम्र 25 साल निवासी बारगनअली मदीना मस्जिद के पास चोपड़ा जिला जलगांव महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी। आरोपी अख्तर ने पूछताछ में बताया कि उसका मृतक की पत्नी शहनाज से प्रेम प्रसंग था तथा करीबन पांच महीने पहले शहनाज को वह अपने साल लेकर महाराष्ट्र चला गया था और कुछ दिन बाद शहनाज वापस अपने पति के पास बोरगांव आ गयी थी। इस दौरान भी शहनाज अख्तर के फोन व इंस्टाग्राम पर बात करती थी। शहनाज बी और अख्तर ने आमीन को रास्ते से हटाने के लिए उसको जान से मारने का षणयंत्र रचा और दिनांक 23-24 मई 2025 की दरम्यानी रात अख्तर बोरगांव में शहनाज के घर का दरवाजा खटखटाया तो शहनाज ने दरवाजा खोल दिया तो अख्तर घर में घुस गया तथा योजना के अनु‌सार अख्तर आमीन खान के सिर में गोली मार कर फरार हो गया। मृतक एवं उसकी पत्नी शहनाज उम्र 35 साल के चार बच्चे थे।
जप्त सामग्री-घटना में प्रयुक्त पिस्टल, मोटरसाईकल आरोपी अख्तर के कब्जे से जप्त किये गये है।
अपराध में आरोपी अख्तर तथा मृतक की पत्नी शहनाज उम्र को गिरफ्तार किया गया है, जिसे माननीय न्यायालय पेश किया जाएगा।
सराहनीय कार्य निरीक्षक दिलीपसिंह देवडा थाना प्रभारी पंधाना, थाना प्रभारी पदमनगर निरीक्षक प्रवीण आर्य, उप निरीक्षक रामप्रकाश यादव चौकी प्रभारी बोरगांव, उप निरीक्षक सुमन पवार थाना पंधाना, सउनि प्रतापसिंह बास्कले चौकी बोरगांव, सउनि विरेन्द्रसिंह बिसेन चौकी बोरगांव, प्रआर 216 सचिन, प्रआर. जितेन्द्र राठौर सायबर सेल, आरक्षक 75 सुरसिंग, आरक्षक 794 उम्मेद, आरक्षक 749 सतीश, आरक्षक 648 चेतन, मआर 183 मनीषा, आर 763 माधुरी एवं थाना प्रभारी चोपडा जिला जलगांव एवं उनके स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक खण्डवा द्वारा टीम को 10,000 रू. नगद ईनाम देने की घोषणा की गई है।