उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने यह निर्देश प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना (PMGSY) के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़कों का निर्माण ग्रामीण विकास की आधारशिला है और इससे गांवों में आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति के नए रास्ते खुलते हैं।
सड़कें बनती हैं विकास की वाहक
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गांव और बसाहट तक पक्की सड़क पहुंचती है तो आवागमन सुगम होता है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और व्यापार के अवसरों में वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि रीवा विकासखण्ड में इस वर्ष की कार्ययोजना में 28 सड़कों का प्रस्ताव रखा गया है। इन सभी सड़कों का डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से पहले से निर्मित सड़कों के रखरखाव और सुधार कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिलती रहे।
मुख्य मार्ग से कपुरी तक बनेगी 6 मीटर चौड़ी सड़क
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नेशनल हाईवे मुख्य मार्ग से चोरहटा होते हुए कपुरी तक सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्रीय आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग से चोरहटा होते हुए कपुरी तक 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे बड़े वाहनों का आवागमन भी सुगम हो सकेगा। इस अवसर पर उन्होंने उन किसानों का विशेष रूप से अभिनंदन किया, जिन्होंने सड़क चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से अपनी भूमि उपलब्ध कराई है।
विकास कार्यों पर जनप्रतिनिधियों से संवाद
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र में विकास की संभावनाओं और समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधीक्षण यंत्री विद्युत मंडल को निर्देश देते हुए चोरहटा क्षेत्र में दो नए ट्रांसफार्मर तत्काल स्थापित करने के आदेश भी दिए, ताकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो सके।
सैकड़ों सड़कों का प्रस्ताव
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना के प्रभारी महाप्रबंधक उमेश कुमार साहू ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुसार 500 तक की आबादी वाले सभी गांवों को इस वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि रीवा और मऊगंज जिलों में कुल 273.19 किलोमीटर लंबाई की 139 सड़कों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिनमें रीवा विकासखण्ड की 48.77 किलोमीटर लंबाई की 28 सड़कें शामिल हैं। इन सभी सड़कों के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत सैटेलाइट के माध्यम से चिन्हित जिले की 1320 बसाहटों में सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिनमें रीवा विधानसभा क्षेत्र की 31 बसाहटें भी शामिल हैं।
हजारों किलोमीटर सड़कें पहले ही बन चुकी
अधिकारियों ने बताया कि रीवा और मऊगंज जिलों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अब तक 1697.56 किलोमीटर लंबाई की सड़कें निर्मित की जा चुकी हैं, जबकि वर्तमान में 5 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। बैठक के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि राजेन्द्र शुक्ला ने चोरहटा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और नाली निर्माण से संबंधित विभिन्न मांगें भी रखीं।
बैठक में रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, वार्ड क्रमांक चार के पार्षद दारा सिंह, राजेश पाण्डेय, सड़क परियोजना के वित्तीय प्रबंधक अभयराज सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने और सड़क संपर्क बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया।