भोपाल- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपना जन्मदिन
“प्रेम और सेवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाते हुए समाजहित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता को केंद्र में रखते हुए जनसेवा के
पांच बड़े संकल्प लिए। राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के लिए कई नई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की।
उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर फूल-मालाओं और होर्डिंग-बैनरों से दूरी बनाते हुए “उपहार नहीं, उपकार” का संदेश दिया और सभी समर्थकों व शुभचिंतकों से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। उनके इस आह्वान का व्यापक असर देखने को मिला और देशभर में हजारों लोगों ने पौधे लगाकर खुद को ‘शिव वृक्ष मित्र’ के रूप में जोड़ा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री , केंद्रीय गृह मंत्री , रक्षा मंत्री , केंद्रीय मंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
पर्यावरण संरक्षण को सबसे बड़ा संकल्प
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा उनके जीवन का प्रमुख संकल्प है। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली का प्रतीक नहीं बल्कि जीवन का आधार हैं। पेड़ को उन्होंने “ऑक्सीजन की फैक्ट्री” बताते हुए कहा कि पृथ्वी पर जीवन का संतुलन बनाए रखने में इनकी अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि एक बड़ा पेड़ केवल मनुष्यों को ही नहीं बल्कि असंख्य पक्षियों, कीटों और जीवों को आश्रय प्रदान करता है। पेड़ वर्षा को आकर्षित करते हैं, मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और कार्बन उत्सर्जन को कम कर धरती के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ से मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मान देना है।
उन्होंने बताया कि विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। टॉपर्स को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके अलावा पूरे संसदीय क्षेत्र में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बना सकती है और समाज को आगे ले जा सकती है। उनका प्रयास रहेगा कि संसाधनों के अभाव में कोई भी प्रतिभाशाली छात्र पीछे न रह जाए।
‘मामा कोचिंग क्लासेस’ से युवाओं को मिलेगी मुफ्त तैयारी
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से शिवराज सिंह चौहान ने ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ शुरू करने की घोषणा की। इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरूंदा से की जाएगी।
इन कोचिंग क्लासेस में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, आधुनिक अध्ययन सामग्री और परीक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उनका उद्देश्य है कि ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।
इसके साथ ही युवाओं को करियर मार्गदर्शन, स्वरोजगार और बैंक ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
ग्रामीणों के लिए ‘मामा चलित अस्पताल’
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए ‘मामा चलित अस्पताल’ की शुरुआत की जाएगी। यह मोबाइल अस्पताल विदिशा संसदीय क्षेत्र की सभी आठों विधानसभाओं में संचालित किए जाएंगे।
इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी और योग्य डॉक्टरों की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श और उपचार प्रदान करेगी। इससे दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को शहरों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इन चलित अस्पतालों का संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जा सकेगा।
दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में उन्होंने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करने की पहल भी शुरू की है। इसके तहत क्षेत्र में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी आवाजाही आसान हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके जीवन को अधिक सम्मानजनक बनाना है।
सामाजिक समरसता और स्वदेशी को बढ़ावा
शिवराज सिंह चौहान ने समाज के लिए कुछ महत्वपूर्ण सामाजिक संकल्पों का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में सामाजिक समरसता, परिवार की एकता, स्वदेशी को बढ़ावा और नागरिक कर्तव्यों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जब समाज में प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना होगी, तभी देश मजबूत और समृद्ध बनेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण, परिवारिक मूल्यों और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लें तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें।
उन्होंने कहा कि एक सुखी और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और सेवा, सहयोग तथा सद्भाव की भावना को जीवन में उतारना होगा।